बिजनेस

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से भारतीय उद्यमियों और निर्यातकों को होगा दोगुना फायदा : मनसुख मांडविया

India-US Trade Deal: केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौते से भारत की अर्थव्यवस्था में अच्छी तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय उत्पादों पर शुल्क घटने से भारत के उद्यमियों और निर्यातकों को दोगुना फायदा होगा।

Image

अमेरिका के साथ व्यापार समझौते से भारत की अर्थव्यवस्था में तेजी आएगी (Photo: X handle/@mansukhmandviya)

India-US Trade Deal: केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के अमल में आने पर भारत की अर्थव्यवस्था में तेजी आएगी और भारतीय उद्यमियों व निर्यातकों को ’दोगुना फायदा’ होगा।

ऊंचे शुल्क के बावजूद बढ़ा भारत का निर्यात

भाषा (पीटीआई) की एक रिपोर्ट के अनुसार, मांडविया ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा, "अमेरिका के साथ व्यापार समझौते के परिणामस्वरूप भारत की अर्थव्यवस्था में अच्छी तेजी आएगी।" उन्होंने कहा कि व्यापार समझौते पर दोनों देशों के बीच सहमति बनने से पहले अमेरिका ने भारतीय सामान पर ऊंचा शुल्क लगा दिया था, इसके बावजूद भारत का निर्यात बढ़ा क्योंकि भारतीय निर्यातकों ने इस स्थिति को अवसर के रूप में इस्तेमाल करते हुए नए बाजार ढूंढ लिए थे।

भारत के उद्यमियों-निर्यातकों को होगा फायदा

श्रम एवं रोजगार मंत्री ने कहा,"व्यापार समझौते के तहत अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर शुल्क घटा दिया है। इससे हमारे निर्यातकों की पहुंच फिर से अमेरिकी बाजार तक हो गई है।" मांडविया ने कहा कि व्यापार समझौते से भारत के उद्यमियों और निर्यातकों को दोगुना फायदा होगा, क्योंकि अब उनके पास अमेरिका के साथ ही नये बाजार भी हैं।

भारतीय कामगारों की सामाजिक सुरक्षा बढ़ रही

उन्होंने यूरोपीय संघ (ईयू) और अमेरिका के साथ भारत के सिलसिलेवार व्यापार समझौतों का हवाला देते हुए कहा कि अब इन समझौतों में विदेशों में काम करने वाले भारतीय कामगारों की सामाजिक सुरक्षा को भी शामिल किया जा रहा है, जबकि पिछली सरकारों में ऐसा नहीं किया जाता था।

बजट प्रावधानों से देश की अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति

मांडविया ने वर्ष 2026-27 के आम बजट की सराहना करते हुए कहा कि इसे वर्ष 2047 में देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के अनुरूप तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि समग्र विकास पर केंद्रित बजट के प्रावधानों से देश की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी, रोजगार में इजाफा होगा और आधारभूत ढांचा मजबूत होगा।

केंद्रीय बजट में मध्यप्रदेश को पिछले वर्षों के मुकाबले कम राशि मिलने के अनुमान पर मांडविया ने कहा कि सरकार के वित्तीय अनुशासन के मुताबिक बजट में हर प्रदेश को उसका उचित आवंटन प्रदान किया गया है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article