बिजनेस

विदेशी निवेशक नहीं रुक रहे, भारतीय शेयर बाजार से फिर इतने हजार करोड़ की निकासी की

2025 की शुरुआत के तीन महीनों में FPI विक्रेता रहे, फिर कुछ समय खरीदार बने। लेकिन जुलाई से सितंबर तक फिर से वे ज्यादा बिकवाली कर रहे हैं। दूसरी ओर, रुपये की वैल्यू अन्य उभरते देशों की करेंसी की तरह गिरी, जिससे दबाव और बढ़ा। आइए बताते हैं पिछले हफ्ते उन्होंने कितने रुपए निकाले?

Image

विदेशी निवेशक

पिछले हफ़्ते विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने भारतीय शेयर बाजार से करीब 16,422 करोड़ रुपये निकाले। इस भारी बिकवाली की वजह अमेरिका की नई नीतियां और भारतीय बाजार की ऊंची कीमतों को लेकर चिंता बताई जा रही है। FPI निवेशकों की सबसे बड़ी टेंशन अमेरिका का नया नियम है, जिसमें H-1B वीज़ा के आवेदन पर 1 लाख डॉलर फीस और ब्रांडेड दवाओं पर ज्यादा शुल्क लगाया गया है। इसका सीधा असर भारत के आईटी और फार्मा सेक्टर पर पड़ रहा है, इसलिए इन कंपनियों के शेयर दबाव में आ गए।

इतने रुपए निकाले

लगातार बिकवाली की वजह से पिछले 7 महीनों में बाजार में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज हुई। डॉलर के मुकाबले भारतीय शेयर बाजार इस साल अब तक दूसरे उभरते बाजारों से करीब 26% पीछे रहे हैं। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार डॉ. वीके विजयकुमार ने बताया कि पिछले एक साल में FPI ने भारत से लगभग 21 अरब डॉलर निकाले, जो उभरते बाजारों में सबसे ज्यादा है। इसका असर रुपये पर भी पड़ा और डॉलर के मुकाबले रुपया करीब 3.5% गिरा।

2025 की शुरुआत के तीन महीनों में FPI विक्रेता रहे, फिर कुछ समय खरीदार बने। लेकिन जुलाई से सितंबर तक फिर से वे ज्यादा बिकवाली कर रहे हैं। दूसरी ओर, रुपये की वैल्यू अन्य उभरते देशों की करेंसी की तरह गिरी, जिससे दबाव और बढ़ा।

क्या है एक्सपर्ट्स का कहना?

हालांकि कुछ पॉजिटिव संकेत भी हैं जैसे ऑटो सेक्टर में रिकॉर्ड बुकिंग, कम जीएसटी रेट और सस्ते लोन, जिनसे कंपनियों की कमाई में सुधार हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि अब माना जा सकता है कि FPI निकासी का सबसे बुरा दौर लगभग खत्म हो गया है। भारत में कंपनियों की कमाई 2026 की तीसरी तिमाही से तेजी पकड़ सकती है और 2027 तक और मजबूत हो जाएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था और घरेलू मांग FPI निवेशकों को दोबारा आकर्षित कर सकती है और बाजार में संतुलन लौट सकता है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article