बिजनेस

Byju's Crisis:बायजू की EGM में शामिल नहीं होगा रवींद्रन और उनका परिवार, क्या अपनी ही कंपनी से हो जाएंगे बाहर

Byju's Crisis: बायजू रवींद्रन या कोई अन्य बोर्ड सदस्य इस अमान्य ईजीएम में शामिल नहीं होंगे। इसका मतलब है कि अभी बुलाए जाने पर भी ईजीएम में जरूरी कोरम नहीं होगा और एजेंडा पर चर्चा या मतदान को आगे नहीं बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बायजू के संरक्षक के रूप में कानून की स्थापित प्रक्रियाओं का सम्मान करना और कंपनी की अखंडता की रक्षा करना संस्थापकों की जिम्मेदारी है।

Image

बायजू रविंद्रन

Byju's Crisis:बायजू की मूल शिक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी थिंक एंड लर्न प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रवींद्रन बायजू के साथ-साथ निदेशक मंडल के सदस्य भी कंपनी के चुनिंदा निवेशकों द्वारा बुलाई गई असाधारण आम बैठक (ईजीएम) में शामिल नहीं होंगे। कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। बायजू के शेयरधारक कथित ‘कुप्रबंधन और विफलताओं’ को लेकर संस्थापक सीईओ बायजू रवींद्रन और उनके परिवार के सदस्यों को बाहर करने के लिए कुछ निवेशकों द्वारा लाए गए प्रस्ताव पर शुक्रवार को मतदान करेंगे।बायजू ने ईजीएम को ‘प्रक्रियात्मक रूप से अमान्य’ और कंपनी के नियमों और शेयरधारक के समझौते का उल्लंघन बताया है।

क्यों नहीं होंगे शामिल

इस फैसले पर बायजू के प्रवक्ता ने कहा कि बायजू रवींद्रन या कोई अन्य बोर्ड सदस्य इस अमान्य ईजीएम में शामिल नहीं होंगे। इसका मतलब है कि अभी बुलाए जाने पर भी ईजीएम में जरूरी कोरम नहीं होगा और एजेंडा पर चर्चा या मतदान को आगे नहीं बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बायजू के संरक्षक के रूप में कानून की स्थापित प्रक्रियाओं का सम्मान करना और कंपनी की अखंडता की रक्षा करना संस्थापकों की जिम्मेदारी है।

इस बीच फाउंडर के खिलाफ ईडी का एक्शन

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत जांच के सिलसिले में बायजूस के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बायजू रवींद्रन के खिलाफ जारी ‘लुकआउट सर्कुलर’ (एलसी) को अपग्रेड करते हुए उन्हें विदेश जाने से रोकने की मांग की है। पहले इस तरह के अलर्ट का मतलब था कि आव्रजन अधिकारियों को विभिन्न माध्यम से उसकी गतिविधियों के बारे में एजेंसी को सूचित करना था।आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि एक साल से अधिक पुराने एलसी को निवेशकों की चिंताओं और रवींद्रन तथा कुछ अन्य के खिलाफ चल रहे फेमा उल्लंघन के मामले के मद्देनजर कुछ समय पहले संशोधित किया गया था। बायजूस की ओर से इस घटनाक्रम पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है। बताया जाता है कि रवींद्रन फिलहाल दुबई में हैं। एजेंसी ने पिछले साल नवंबर में विदेशी मुद्रा उल्लंघन (फेमा) को लेकर 9,300 करोड़ रुपये से अधिक का ‘कारण बताओ नोटिस’ बायजूस और रवींद्रन को भेजा था।

क्यों बुलाई गई EGM

कर्नाटक उच्च न्यायालय ने बुधवार को ‘थिंक एंड लर्न प्राइवेट लिमिटेड’ के चुनिंदा निवेशकों (बायजूस के मालिक) द्वारा रवींद्रन और उनके परिवार को एडटेक कंपनी के नेतृत्व से बाहर करने के लिए बुलाई गई एक आपातकालीन शेयरधारक बैठक पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था।अदालत ने अंतरिम राहत दी कि शुक्रवार को होने वाली ईजीएम में पारित किया गया कोई भी प्रस्ताव अदालत की अगली सुनवाई से पहले लागू नहीं किया जा सकता है।बायजूस के चुनिंदा शेयरधारकों ने 23 फरवरी को होने वाली असाधारण आम बैठक (ईजीएम) को लेकर नोटिस जारी किया है, जिसमें एडटेक फर्म के कामकाज में कई विसंगतियों का आरोप लगाते हुए इसके नेतृत्व में बदलाव की मांग की गई है।इस बीच, रवींद्रन ने बुधवार को शेयरधारकों को एक पत्र जारी कर सभी निवेशकों से कंपनी द्वारा जारी 20 करोड़ अमेरिकी डॉलर के राइट्स इश्यू में भाग लेने की अपील की। बाद में उन्होंने बताया कि राइट्स इश्यू को पूरी तरह से खरीद लिया गया है।

TNN Business Desk
TNN बिजनेस डेस्क author

TNN बिजनेस डेस्क

और पढ़ें
End of Article