Budget 2026 Expectations : आम बजट 2026-27 आने में अब केवल दो हफ्ते से भी कम का समय बचा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण यह बजट 1 फरवरी को संसद में पेश करेंगी। यह उनका लगातार नौवां बजट होगा। उन्होंने इससे पहले भी लगातार सबसे अधिक बजट पेश करने का रिकॉर्ड बना लिया है। अगर वे वित्त वर्ष 2028 का बजट भी पेश करती हैं, तो दिवंगत मोरारजी देसाई का रिकॉर्ड बराबरी कर लेंगी, जिन्होंने दो कार्यकालों में कुल 10 बजट पेश किए थे। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बजट में व्यापार में आसानी बढ़ाने पर जोर देना बेहद जरूरी है। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए टैक्स एक्सपर्ट मनमोहन श्रीवास्तव काजू ने कहा कि पिछले बजट में इनकम टैक्स में छूट बढ़ाकर 12 लाख रुपए कर दी गई थी, जिससे आम जनता को काफी राहत मिली। इसके अलावा, जीएसटी 2.0 के तहत टैक्स स्लैब को घटाकर सिर्फ दो कर दिया गया है।
व्यापार में आसानी पर जोर
विशेषज्ञों के अनुसार, व्यापारियों को अब भी कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। सबसे बड़ी समस्या जीएसटी पोर्टल से जुड़ी है। उदाहरण के लिए, पोर्टल पर नोटिस आते हैं, लेकिन बहुत सारे व्यापारी उन्हें नियमित रूप से चेक नहीं कर पाते। इससे कभी-कभी उन्हें अनजाने में अधिक टैक्स जमा करना पड़ता है। मनमोहन श्रीवास्तव काजू ने सुझाव दिया कि फिजिकल पत्राचार को दोबारा शुरू किया जाना चाहिए। इससे नोटिस सीधे व्यापारियों तक पहुंचेंगे और टैक्स भुगतान में होने वाली गलतियों को कम किया जा सकेगा। इसके अलावा, व्यापारी अगर समय पर जानकारी प्राप्त करेंगे, तो उनका कारोबार पहले से आसान होगा और देश में व्यापार बढ़ावा मिलेगा।
महिलाओं के लिए अवसर और सुरक्षा
आईएएनएस से बातचीत में विशेषज्ञ ने कहा कि इस बजट में महिलाओं के लिए अवसर बढ़ाने पर भी ध्यान देना चाहिए। विशेषकर मेडिकल, शिक्षा और अन्य क्षेत्र में महिलाओं के रोजगार और उद्यमिता के अवसर बढ़ाने चाहिए। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा पर भी जोर देना जरूरी है। इसके लिए ऐसी योजनाएं लानी चाहिए, जो उन्हें उच्च शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण के लिए प्रेरित करें। विशेषज्ञों का मानना है कि जब महिलाएं सुरक्षित और समर्थ होंगी, तो समाज और अर्थव्यवस्था दोनों को फायदा होगा।
बजट से क्या उम्मीदें हैं
आगामी बजट में आम जनता को आयकर में राहत, व्यापार में आसानी और महिलाओं के लिए विशेष योजनाएं मिलने की उम्मीद है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की कोशिश होगी कि यह बजट सभी वर्गों के लिए संतुलित और लाभकारी हो। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर सरकार व्यापारियों के लिए प्रक्रिया सरल बनाए और महिलाओं के लिए विशेष अवसर प्रदान करे, तो यह बजट देश की आर्थिक और सामाजिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
आम बजट 2026-27 केवल टैक्स और वित्तीय योजना तक सीमित नहीं होगा। इसमें व्यापार और महिलाओं के लिए नई योजनाओं पर भी ध्यान दिया जाएगा। विशेषज्ञों की सलाह है कि सरकार को टैक्स पोर्टल की समस्याओं को हल करना, फिजिकल नोटिस भेजना, और महिलाओं के लिए शिक्षा एवं रोजगार के अवसर बढ़ाना प्राथमिकता देनी चाहिए। इस बजट से न केवल व्यापारियों को राहत मिलेगी, बल्कि महिलाओं को भी अपने करियर और शिक्षा में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। ऐसे में यह बजट सिर्फ आर्थिक सुधार ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के लिए सशक्तिकरण का भी संदेश होगा।
