बिजनेस

दिल्ली में PM सूर्य घर योजना का पोर्टल लॉन्च, 2.25 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य, जानें कैसे करें रजिस्ट्रेशन

दिल्ली वालों के लिए बड़ी खबर है। दिल्ली में PM सूर्य घर योजना का पोर्टल लॉन्च हो गया है। दिल्ली वाले सोलर पैनल लगाने के लिए अब आप आवेदन शुरू कर सकते हैं।

Image

दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता (फाइल फोटो)

दिल्ली में घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत दिल्ली के लोगों के लिए रजिस्ट्रेशन पोर्टल लॉन्च किया। दिल्ली सरकार के सोलर पोर्टल पर आज यानी 21 सितंबर 2026 से आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे दिल्ली में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य 2.25 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने का है और इसके लिए आवेदन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना से दिल्ली के परिवारों को बिजली के खर्च में राहत मिलने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।

3 किलोवाट तक सोलर सिस्टम पर क्या मिलेगा?

PM सूर्य घर योजना के तहत केंद्र सरकार की ओर से घरेलू उपभोक्ताओं को सोलर सिस्टम लगाने के लिए सब्सिडी मिलती है। दिल्ली के आधिकारिक सोलर पोर्टल के मुताबिक, पहले 2 किलोवाट तक ₹30,000 प्रति किलोवाट और अतिरिक्त 1 किलोवाट क्षमता के लिए ₹18,000 प्रति किलोवाट की केंद्रीय सब्सिडी उपलब्ध है। इस तरह 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता वाले सिस्टम पर केंद्रीय सब्सिडी अधिकतम ₹78,000 तक सीमित है।

इसके अलावा दिल्ली सरकार की सोलर पॉलिसी के तहत घरेलू उपभोक्ताओं के लिए ₹10,000 प्रति किलोवाट तक की राज्य पूंजी सब्सिडी, अधिकतम ₹30,000 तक, का प्रावधान है। दिल्ली पोर्टल के मुताबिक, राष्ट्रीय पोर्टल के जरिए आवेदन करने वाले उपभोक्ताओं को राज्य सब्सिडी DBT के माध्यम से दी जाएगी।

बिजली बिल में भी मिल सकता है फायदा

सोलर पैनल लगाने से घर अपनी बिजली की जरूरत का एक हिस्सा खुद पैदा कर सकता है। दिल्ली की नीति में 3 किलोवाट तक के आवासीय सोलर सिस्टम के लिए ₹3 प्रति यूनिट का Generation-Based Incentive (GBI) भी निर्धारित है। हालांकि वास्तविक बचत घर की बिजली खपत, सोलर सिस्टम की क्षमता और उत्पादन पर निर्भर करेगी।

दिल्ली सरकार के सोलर पोर्टल पर उपलब्ध कैलकुलेटर के मुताबिक, करीब 1 किलोवाट सोलर प्लांट के लिए लगभग 100 वर्ग फुट छत की जगह की जरूरत हो सकती है। पोर्टल पर उपभोक्ता अपनी बिजली खपत और उपलब्ध छत की जगह के आधार पर संभावित सोलर क्षमता, सब्सिडी, अनुमानित बचत और पेबैक अवधि भी देख सकते हैं।

कहां करें आवेदन?

दिल्ली सरकार के आधिकारिक Solar Portal— https://solar.delhi.gov.in/ पर जाकर PM Surya Ghar Yojana के तहत आवेदन किया जा सकता है। पोर्टल पर आवेदन, सब्सिडी की स्थिति, रूफटॉप सोलर कैलकुलेटर और अधिकृत वेंडरों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध है।

इस योजना का उद्देश्य सिर्फ बिजली बिल में राहत देना नहीं है, बल्कि दिल्ली में रूफटॉप सोलर की हिस्सेदारी बढ़ाना और स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करना भी है। दिल्ली की सोलर नीति का लक्ष्य राज्य में 750 MW रूफटॉप सोलर क्षमता विकसित करना है।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article