शहर

मासूम की चीखों से दहला शिमला! 20 महीने की बच्ची पर आवारा कुत्तों का जानलेवा हमला, शरीर पर आए कई टांके

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के शांकली इलाके में 20 महीने की मासूम बच्ची पर आवारा कुत्तों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

Image

प्रतीकात्मक AI Image

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां के शांकली इलाके में सिर्फ 20 महीने की एक मासूम बच्ची पर आवारा कुत्तों ने जानलेवा हमला कर दिया। कुत्ते बच्ची को घर के बाहर से घसीटते हुए करीब 30 मीटर दूर ले गए और उसे बुरी तरह नोच डाला। समय रहते मां ने पत्थरों से हमला कर कुत्तों को भगाया, जिससे बच्ची की जान तो बच गई, लेकिन मासूम के शरीर पर 20 से ज्यादा टांके आए हैं।

यह खौफनाक मंजर रविवार दोपहर का है, जब घर के बाहर खेल रही मासूम पर दो आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्ची के सिर, गर्दन, छाती और पेट पर गहरे घाव कर दिए।

खौफनाक वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल

खून से लथपथ बच्ची को तुरंत आईजीएमसी शिमला ले जाया गया। घटना की खबर सुनते ही देहरादून से रोते-बिलखते परिजन शिमला पहुंचे।इस खौफनाक वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग प्रशासन से खतरनाक कुत्तों को हटाने की मांग कर रहे हैं। शिमला में आवारा कुत्तों का आतंक कोई नया नहीं है।

शिमला के मेयर ने माना कि मामला बेहद गंभीर

इस घटना के बाद चौतरफा घिरे शिमला के मेयर ने माना कि मामला बेहद गंभीर है। उन्होंने दावा किया है कि शहर के ऐसे खतरनाक कुत्तों को पकड़कर टूटीकंडी स्थित डॉग हट्स में भेजा जाएगा और स्टरलाइजेशन की प्रक्रिया तेज की जाएगी।

क्या सिर्फ दावों से मासूमों की जान सुरक्षित होगी?

लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या सिर्फ दावों से मासूमों की जान सुरक्षित होगी? आखिर कब तक लोग अपने ही घरों के बाहर इन आवारा कुत्तों के खौफ में जीने को मजबूर रहेंगे?

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article