शहर

साबरकांठा में रफ्तार का कहर! कार ने 12 पदयात्रियों को मारी टक्कर, गुस्साई भीड़ ने फूंकी गाड़ी

Sabarkantha Accident: साबरकांठा के हिम्मतनगर में दोलगढ़ पाटिया के पास तेज रफ्तार कार ने पदयात्रियों को टक्कर मार दी, जिसमें 12 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई और गुस्साई भीड़ ने कार को आग के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर टीम मौके पर पहुंची, जबकि घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया।

Image

सड़क हादसे का बाद कार पर फूटा लोगों का गुस्सा

Sabarkantha Accident: गुजरात के साबरकांठा जिले के हिम्मतनगर में सोमवार को दोलगढ़ पाटिया के पास बड़ा सड़क हादसा सामने आया। यहां एक कार ने सड़क से गुजर रहे 12 पदयात्रियों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पदयात्रियों व स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद कार चालक मौके से निकलने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, स्थानीय लोगों और पदयात्रियों ने वाहन को रोक लिया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने कार को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और कार पूरी तरह जल गई।

प्रशासनिक टीम ने लिया स्थिति का जायजा

हादसे के बाद फोरलेन हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर पदयात्रियों में भी नाराजगी जताई गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस प्रमुख, डीएसपी, ग्रामीण पुलिस और बी डिवीजन पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। एलसीबी की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। कार में लगी आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। वहीं, घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां ए डिवीजन पुलिस भी पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति और घटना की जानकारी ली। मामलतदार और नायब मामलतदार समेत प्रशासनिक टीम ने भी अस्पताल में मौजूद रहकर स्थिति का जायजा लिया।

हादसे में घायल हुए लोगों के नाम

  1. दिलीपकुमार सज्जनसी पटेल, निवासी पंचमहल रोडरा
  2. महेशभाई मगनभाई पटेल, निवासी नाना चेखला
  3. हार्दिककुमार रतीलालभाई सोलंकी, निवासी उकेड़ीना मुवाड़ा, कपड़वंज
  4. मोहनभाई रमणभाई वाघेला, निवासी नाना चेखला
  5. चेतनाबेन मोहनभाई वाघरी, निवासी नाना चेखला
  6. सुनीलभाई नगीनभाई बारिया, निवासी कणजी पानी, तालुका जांबुघोड़ा
  7. वक्तुभाई गलाबाभाई वाघरी, निवासी नाना चेखला
  8. मुकेशकुमार नटवरभाई पटेल, निवासी दाणोतरा, तालुका गोधरा
  9. रमेशभाई चंद्रसिंह परमार, निवासी दाणोतरा, तालुका गोधरा
  10. आशाबेन महेशभाई पटेल, निवासी नाना चेखला
  11. रणजीतभाई रमेशभाई वाघेला, निवासी नाना चेखला
  12. विजयभाई धीरुभाई पटेल, निवासी दाणोतरा, तालुका गोधरा

फिलहल, पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों, कार चालक की भूमिका और वाहन में आग लगाए जाने की घटना को लेकर पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article