Moradabad News: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बाल यौन शोषण से जुड़े आपत्तिजनक कंटेंट की निगरानी अब पुलिस कार्रवाई का आधार भी बन रही है। मुरादाबाद जिले में मेटा की ओर से मिले एक अलर्ट के बाद पुलिस ने पहली बार इस तरह के मामले में कार्रवाई की है। भोजपुर पुलिस ने फतेहपुर निवासी नदीम के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
बाल यौन शोषण से जड़े कंटेंट की जानकारी
जानकारी के मुताबिक, मुरादाबाद पुलिस को मेटा अलर्ट के जरिए सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो के बारे में सूचना मिली थी। अलर्ट में बाल यौन शोषण से संबंधित कंटेंट की जानकारी सामने आई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित वीडियो को सुरक्षित किया और उसके स्रोत की पड़ताल शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने उस सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी जुटाई, जिससे वीडियो पोस्ट किया गया था। पुलिस के मुताबिक, जांच में यह अकाउंट भोजपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर निवासी नदीम से जुड़ा पाया गया। इसके बाद मुरादाबाद पुलिस ने वीडियो को सुरक्षित माध्यम से भोजपुर पुलिस को उपलब्ध कराया, ताकि स्थानीय स्तर पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।
आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज
बताया जा रहा है कि वीडियो को पेन ड्राइव में सुरक्षित करके भोजपुर पुलिस को भेजा गया था। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। अब पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कंटेंट किस परिस्थितियों में सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया। मेटा अलर्ट का इस्तेमाल इससे पहले आत्महत्या की आशंका वाले मामलों में समय रहते हस्तक्षेप और लोगों की जान बचाने के लिए भी किया जाता रहा है। मुरादाबाद में सामने आया यह मामला सोशल मीडिया पर प्रतिबंधित और संवेदनशील कंटेंट की निगरानी के लिहाज से महत्वपूर्ण कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
