बिजनेस

भारत में 42% पुरुषों ने लिया तलाक के लिए लोन; सर्वे में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

शादी टूटने पर सबसे बड़ी मार सिर्फ रिश्ते पर ही नहीं पड़ती, बल्कि जेब पर भी पड़ती है। हाल ही में हुए एक सर्वे ने चौंकाने वाला खुलासा किया है कि भारत में तलाक लेने वाले हर 10 में से 4 पुरुषों को अलिमनी और कानूनी खर्चों के लिए लोन तक लेना पड़ा। यानी रिश्ता खत्म होने के साथ-साथ आर्थिक बोझ भी कई गुना बढ़ गया।

Image

Divorce alimony

प्यार टिके न टिके, लेकिन पैसों पर होने वाली खींचतान अकसर रिश्तों को तोड़ देती है। हाल ही में आए एक सर्वे ने चौंकाने वाला सच सामने रखा है भारत में शादी टूटने की सबसे बड़ी वजह प्यार की कमी नहीं, बल्कि पैसों से जुड़ी परेशानियां और असमानताएं हैं। टियर-1 और टियर-2 शहरों के 1,258 तलाकशुदा या तलाक की प्रक्रिया से गुजर रहे लोगों से बातचीत में सामने आया कि आर्थिक मतभेद ही रिश्तों को खत्म करने तक ले जाते हैं।

एक नए सर्वे ने साफ किया है कि शादी टूटने की सबसे बड़ी वजह अक्सर पैसों से जुड़ी परेशानियां होती हैं। फाइनेंस एडवाइजरी कंपनी 1 Finance Magazine ने टियर-1 और टियर-2 शहरों के 1,258 तलाकशुदा या तलाक की प्रक्रिया में चल रहे लोगों से बातचीत की। इस सर्वे के नतीजे बताते हैं कि आर्थिक असमानता और पैसों को लेकर झगड़े शादी को तोड़ने तक ले जाते हैं।

सर्वे में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

सर्वे में सामने आया कि शादी के बाद 46% महिलाएं अपनी नौकरी छोड़ देती हैं या कम कर देती हैं। वहीं, 42% पुरुषों को तलाक के दौरान अलिमनी और कानूनी खर्चों के लिए लोन लेना पड़ा। हालात इतने बिगड़े कि अलिमनी देने वाले 29% पुरुषों की नेटवर्थ तलाक के बाद निगेटिव हो गई। इसके अलावा, तलाकशुदा पुरुषों की 38% सालाना आय सिर्फ मेंटेनेंस में खर्च हो जाती है।

तलाक से जुड़ा खर्च भी चौंकाने वाला है। जहां 19% महिलाओं ने तलाक पर 5 लाख रुपये से ज्यादा खर्च किया, वहीं यह आंकड़ा पुरुषों में 49% तक पहुंच गया। दिलचस्प बात यह रही कि 53% महिलाओं को पति की आधी या उससे ज्यादा संपत्ति अलिमनी में मिली। वहीं, 26% मामलों में तो महिलाओं को पति की पूरी संपत्ति से भी ज्यादा रकम मिल गई।

पैसे बने रिश्ते टूटने की वजह

झगड़े की असली वजह भी पैसों से जुड़ी ही थी। सर्वे के अनुसार, 67% जोड़ों ने माना कि वे अक्सर पैसों को लेकर लड़ते थे। जबकि 43% लोगों ने साफ कहा कि वित्तीय विवाद ही उनके तलाक का कारण बना। शादी के समय भी स्थिति असमान थी 56% महिलाओं की आय पतियों से कम थी, जबकि सिर्फ 2% ज्यादा कमाती थीं।

इस मुद्दे पर 1 Finance के CEO केवल भानुशाली का कहना है कि “पैसों को लेकर असहमति तलाक की बड़ी वजह है। ऊपर से तलाक का खर्च स्थिति को और ज्यादा मुश्किल बना देता है।”

शादी से पहले करें ये बात

यह सर्वे हमें बताता है कि शादी से पहले और शादी के बाद पैसों पर साफ बातचीत बेहद जरूरी है। कपल्स को चाहिए कि वे पुराना कर्ज, भविष्य की बचत और दोनों परिवारों की जिम्मेदारियों पर पहले ही चर्चा कर लें। आय और खर्चों में उतार-चढ़ाव को लेकर सहमति बनाना और लंबी अवधि की वित्तीय योजना पर ध्यान देना भी जरूरी है।

यानी, अगर पति-पत्नी पहले से ही पैसों को लेकर पारदर्शी हों और सही प्लानिंग करें, तो न सिर्फ झगड़े कम होंगे बल्कि तलाक जैसी नौबत से भी बचा जा सकता है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article