KTM ने अपनी मिडिलवेट नेकेड मोटरसाइकिल 790 Duke का अपडेटेड मॉडल पेश कर दिया है। कंपनी ने इस बार बाइक के इंजन में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है, लेकिन राइडर के कंफर्ट, हैंडलिंग और ओवरऑल राइडिंग एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण अपडेट किए हैं।
राइडर कम्फर्ट पर दिया गया खास ध्यान
नई KTM 790 Duke में सबसे बड़े बदलाव इसकी एर्गोनॉमिक्स में किए गए हैं। कंपनी ने बाइक में नया हैंडलबार दिया है, जिसका एंगल पहले से अधिक खुला रखा गया है। इससे राइडर को अधिक आरामदायक और बेहतर राइडिंग पोजीशन मिलती है। इसके अलावा, राइडर और पिलियन दोनों के लिए फुटपेग्स की पोजिशन बदली गई है। सीट को भी नए सिरे से डिजाइन किया गया है ताकि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान ज्यादा आराम मिल सके।
नया डिजाइन और ज्यादा एग्रेसिव लुक
डिजाइन के मामले में भी नई 790 Duke पहले से ज्यादा आकर्षक नजर आती है। बाइक में नया LED हेडलैंप, शार्प बॉडी पैनल, बड़ा फ्रंट काउल और अधिक मस्कुलर फ्यूल टैंक दिया गया है।,इन बदलावों के कारण बाइक का लुक KTM की बड़ी और प्रीमियम मोटरसाइकिलों जैसा दिखाई देता है। कंपनी की नई डिजाइन लैंग्वेज के अनुसार तैयार की गई यह बाइक पहले से अधिक आधुनिक और स्पोर्टी नजर आती है।
799cc इंजन बरकरार
नई KTM 790 Duke में वही Euro 5+ मानकों के अनुरूप 799cc का लिक्विड-कूल्ड, पैरेलल-ट्विन LC8c इंजन दिया गया है। यह इंजन 105 hp की अधिकतम पावर और 87 Nm का टॉर्क पैदा करता है।
कुछ बाजारों में इसका 95 hp वाला वर्जन भी उपलब्ध करवाया जाएगा। इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स और स्लिप-एंड-असिस्ट क्लच के साथ जोड़ा गया है। इसके साथ ही कंपनी ने बाइक में संशोधित एग्जॉस्ट सिस्टम भी दिया है।
सस्पेंशन और ब्रेकिंग सिस्टम में सुधार
KTM ने बाइक के हार्डवेयर में भी कई बदलाव किए हैं। इसमें WP APEX सस्पेंशन सेटअप बरकरार रखा गया है, जिसमें आगे की तरफ 43 मिमी अपसाइड-डाउन फोर्क और पीछे मोनोशॉक सस्पेंशन मिलता है।
सस्पेंशन में कंप्रेशन, रिबाउंड और प्रीलोड एडजस्टमेंट की सुविधा दी गई है। कंपनी ने एडजस्टमेंट प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए नया फाइव-क्लिक सिस्टम भी शामिल किया है। ब्रेकिंग सिस्टम में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलता है। अब बाइक में पहले इस्तेमाल होने वाले J.Juan यूनिट्स की जगह WP द्वारा विकसित नया रेडियल ब्रेक सेटअप दिया गया है। KTM का दावा है कि इससे ब्रेकिंग फील और स्टॉपिंग परफॉर्मेंस पहले से बेहतर होगी।
नए फीचर्स भी हुए शामिल
अपडेटेड 790 Duke में WP स्टीयरिंग डैम्पर को स्टैंडर्ड फीचर के तौर पर शामिल किया गया है। इसके अलावा बाइक में Pirelli Diablo Rosso IV टायर्स दिए गए हैं, जो बेहतर ग्रिप और कॉर्नरिंग प्रदर्शन प्रदान करते हैं। कंपनी ने यह भी घोषणा की है कि ग्राहकों की प्रतिक्रिया को ध्यान में रखते हुए भविष्य के मॉडलों में Demo Mode फीचर को बंद कर दिया जाएगा।
