ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) ने सोमवार को एशियन गेम्स 2026 में डोपिंग का पहला मामला सामने आने की घोषणा की। थाईलैंड की एक महिला बैडमिंटन खिलाड़ी के सैंपल में प्रतिबंधित पदार्थ 'फ्यूरोसेमाइड' (furosemide) पाया गया है। उन्हें तुरंत प्रभाव से अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया गया है। इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी, एशियाई खेलों में ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया की टेस्टिंग और नतीजों के मैनेजमेंट के लिए जिम्मेदार संस्था है।
ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया ने एक बयान में कहा, "ये सैंपल 17 सितंबर को नागोया में प्रतियोगिता के बाहर (out-of-competition) डोपिंग कंट्रोल के दौरान थाईलैंड की बैडमिंटन खिलाड़ी पिचामोन ओपात्निपुथ से लिया गया था।" खिलाड़ी ने अभी तक एशियाई खेलों में किसी भी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लिया है और मंगलवार को महिला टीम के क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला होना है।
ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया के बयान में कहा गया, "फ्यूरोसेमाइड को WADA (World Anti Doping Agency) की प्रतिबंधित सूची में S5 डाइयुरेटिक्स और मास्किंग एजेंट के तौर पर प्रतिबंधित किया गया है। यह हर समय (प्रतियोगिता के दौरान और बाहर) प्रतिबंधित है और इसे 'स्पेसिफाइड सब्सटेंस' (खास पदार्थ) की श्रेणी में रखा गया है। खिलाड़ी तेजी से वजन घटाने के लिए शरीर से पानी निकालने के मकसद से फ्यूरोसेमाइड का इस्तेमाल कर सकते हैं।"
OCA द्वारा कहा गया कि, "खिलाड़ी को इस मामले की जानकारी दे दी गई है और वर्ल्ड एंटी-डोपिंग कोड और ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया के एंटी-डोपिंग नियमों के तहत मामले के समाधान तक उन्हें तुरंत प्रभाव से अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया गया है। इसका मतलब है कि खिलाड़ी एशियाई खेल आइची-नागोया 2026 के दौरान किसी भी प्रतियोगिता, ट्रेनिंग, कोचिंग या गतिविधि में हिस्सा नहीं ले सकतीं।"
खिलाड़ी को 'कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट' के एंटी-डोपिंग डिवीन के सामने अस्थायी सस्पेंशन को चुनौती देने का अधिकार है। खिलाड़ी को 'B-सैंपल' के विश्लेषण का अनुरोध करने का भी अधिकार है।
