दुनिया

क्या फ्रांस को ठेंगा दिखा रहा बांग्लादेश? Boeing से खरीदेगा 11 और विमान; Airbus के साथ भी बातचीत जारी

Boeing Deal: बांग्लादेश की सरकारी विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस बोइंग से 11 और विमान खरीदने के लिए अमेरिका की कंपनी के साथ समझौता करने जा रही है।

Image

बोइंग से विमान खरीदने को तैयार बांग्लादेश (प्रतीकात्मक तस्वीर: iStock)

Boeing Deal: बांग्लादेश की सरकारी विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस बोइंग से 11 और विमान खरीदने के लिए अमेरिका की कंपनी के साथ समझौता करने जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, समझौते पर गुरुवार को न्यूयॉर्क में हस्ताक्षर किए जाएंगे। यह समझौता प्रधानमंत्री तारिक रहमान की अमेरिका यात्रा के दौरान होगा, जहां वह संयुक्त राष्ट्र महासभा के वार्षिक सत्र में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बांग्लादेश बोइंग के साथ 11 और विमान खरीदने जा रहा है, जो बोइंग के साथ 30 अप्रैल को हुए समझौते से अलग है। अधिकारियों ने बताया कि बोइंग के 11 विमान उन 14 विमानों के अतिरिक्त होंगे, जिन्हें खरीदने के लिए बांग्लादेश ने 30 अप्रैल को बोइंग के साथ 3.7 अरब अमेरिकी डॉलर का समझौता किया था। इस नए समझौते के बाद बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की बोइंग से प्रस्तावित कुल खरीद 25 विमानों की हो जाएगी।

अमेरिका ने बताया 'विन-विन' समझौता

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, बांग्लादेश में अमेरिकी राजदूत ब्रेंट टी. क्रिस्टेंसन ने 11 और बोइंग विमान खरीदने के ढाका के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने विमानों को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ वाणिज्यिक विमान बताते हुए कहा कि यह कदम अमेरिका-बांग्लादेश संबंधों के लिए एक और 'विन-विन' स्थिति है।

हालांकि, अतिरिक्त 11 विमानों के मॉडल, कीमत, फाइनेंसिंग की शर्तें और डिलीवरी शेड्यूल के बारे में अभी सार्वजनिक रूप से जानकारी सामने नहीं आई है।

Airbus को लेकर भी बातचीत जारी

बांग्लादेश का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब यूरोपीय देश ढाका से एयरबस के लिए भी समान अवसर सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं। हालांकि, बांग्लादेशी अधिकारियों का कहना है कि देश ने एयरबस से विमान खरीदने का विकल्प बंद नहीं किया है और यूरोपीय विमान निर्माता के साथ बातचीत अभी जारी है।

बोइंग के साथ इस प्रस्तावित सौदे की घोषणा फ्रांस के राजदूत जीन-मार्क सेरे-शार्ले के उस बयान के एक दिन बाद हुई, जिसमें उन्होंने कहा था कि पेरिस, एयरबस के साथ ढाका की बातचीत पर "बारीकी से नजर" रख रहा है। उन्होंने इन वार्ताओं को यूरोप के साथ दीर्घकालिक साझेदारी के लिए बांग्लादेश की इच्छा की "परीक्षा" बताया।

ढाका में कूटनीतिक पत्रकारों के साथ एक चर्चा के दौरान फ्रांसीसी राजदूत ने कहा, "मुझे लगता है कि यह मौजूदा सरकार के लिए एक अच्छी परीक्षा है, और हमें इस सरकार तथा विमान पर पूरा भरोसा है।"

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article