शहर

कालकाजी सामूहिक दुष्कर्म के बाद एक्शन में दिल्ली पुलिस, पिंक बूथों पर गश्त तेज; सड़कों पर फुट-बाइक पेट्रोलिंग बढ़ी

Delhi Police Women Safety: कालकाजी के आस्था कुंज पार्क में नाबालिग से हुई वारदात के बाद उपराज्यपाल के निर्देश पर दिल्ली पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। लक्ष्मी नगर समेत पूरी दिल्ली के संवेदनशील इलाकों और पिंक बूथों पर महिला पुलिसकर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है।

Image

कालकाजी कांड के बाद दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन

Photo : Times Now Digital

Delhi Police Women Safety: कालकाजी स्थित आस्था कुंज पार्क (Kalkaji Astha Kunj Park) में एक नाबालिग लड़की के साथ हुई खौफनाक वारदात के बाद पूरी दिल्ली में गुस्सा और खौफ का माहौल है। इस गंभीर घटना का संज्ञान लेते हुए दिल्ली के उपराज्यपाल के कड़े निर्देशों के बाद दिल्ली प्रशासन और पुलिस तुरंत हरकत में आ गए हैं। राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए पुलिस (Delhi Police) ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है।

उपराज्यपाल के आदेश के बाद पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर समेत विभिन्न संवेदनशील इलाकों (Kalkaji Gangrape Case) में पुलिस की सक्रियता काफी बढ़ा दी गई है। शहर में बनाए गए महिला 'पिंक बूथों' पर महिला पुलिसकर्मियों (delhi Pink Booth Patrolling) की तैनाती और गश्त तेज कर दी गई है। इसके अलावा बाजारों, मुख्य सड़कों और तंग गलियों में फुट पेट्रोलिंग (पैदल गश्त) और बाइक पेट्रोलिंग के जरिए सुरक्षा का सख्त घेरा तैयार किया जा रहा है।

दिल्ली पुलिस महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क- डीसीपी

मामले की जानकारी देते हुए ईस्ट जिला डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि दिल्ली पुलिस महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। आपराधिक गतिविधियों पर समय रहते लगाम लगाने के लिए पुलिसकर्मी रात-दिन गश्त कर रहे हैं। पिंक बूथों पर तैनात महिला पुलिसकर्मी क्षेत्र में आने-जाने वाली महिलाओं और छात्राओं से सीधे संवाद कर रही हैं, ताकि उनकी चिंताओं और समस्याओं को समझकर तुरंत समाधान किया जा सके।

आम जनता के बीच सुरक्षा का अहसास बढ़ाना-पुलिस

पुलिस की इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य आम जनता के बीच सुरक्षा का अहसास बढ़ाना और असामाजिक तत्वों में कानून का डर पैदा करना है। सार्वजनिक स्थानों, पार्कों के आसपास और अंधेरे वाले रास्तों पर पुलिस की दृश्यता बढ़ाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि महिला सुरक्षा से जुड़ी हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और यह विशेष निगरानी व्यवस्था लगातार जारी रहेगी।

दिल्ली पुलिस कुतुब मीनार से महरौली तक पैदल गश्त करती है। साउथ वेस्ट की एडिशनल DCP ऐश्वर्या सिंह ने कहा, "शाम की यह गश्त दिल्ली पुलिस, खासकर साउथ डिस्ट्रिक्ट की एक रेगुलर एक्टिविटी है। इसका मुख्य मकसद यह पक्का करना है कि सड़कों पर रोजाना पुलिस की मौजूदगी दिखे और लोगों को पता चले कि पुलिस उनकी सेवा के लिए तैयार है। आज कुतुब मीनार इलाके और महरौली गांव में गश्त की जाएगी। हमारे सभी पुलिस स्टेशनों पर महिला स्टाफ़ हमेशा मौजूद रहती हैं और हम पिंक बूथ पर भी उनकी मौजूदगी पक्की करते हैं।"

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article