स्पोर्ट्स

डोपिंग मामले में भारतीय टेनिस खिलाड़ी परीक्षित सोमानी पर लगा चार साल का प्रतिबंध

भारतीय टेनिस खिलाड़ी परीक्षित सोमानी को ट्राइमेटाजिडीन के सेवन का दोषी पाए जाने के बाद उनपर चार साल का प्रतिबंध लगाया गया है। जानिए क्या है पूरा मामला?

Image

टेनिस (सांकेतिक फोटो)

लंदन: भारतीय टेनिस खिलाड़ी परीक्षित सोमानी पर प्रतिबंधित पदार्थ ट्राइमेटाजिडीन के सेवन का दोषी पाए जाने के बाद बुधवार को चार साल का प्रतिबंध लगा दिया गया। युगल वर्ग में करियर की सर्वश्रेष्ठ 256 रैंकिंग हासिल करने वाले 26 वर्षीय सोमानी पिछले साल कजाखस्तान के अस्ताना में एटीपी चैलेंजर टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के दौरान प्रतिबंधित दवा के लिए पॉजिटिव पाए गए थे। अंतरराष्ट्रीय टेनिस इंटीग्रिटी एजेंसी (आईटीआईए) ने कहा,'एक स्वतंत्र न्यायाधिकरण ने टेनिस के डोपिंग रोधी नियमों के तहत भारतीय टेनिस खिलाड़ी परीक्षित सोमानी को चार साल के लिए निलंबित कर दिया है।'

पिछले साल अस्थाई रूप से किया गया निलंबित

सोमानी को 23 सितंबर 2025 से अस्थायी रूप से निलंबित किया गया था और स्वतंत्र न्यायाधिकरण ने उन्हें सितंबर 2029 तक प्रतिबंधित कर दिया है। आईटीआईए ने कहा,'2025 के अंत में अस्थायी निलंबन के दौरान सोमानी ने संदूषण के कई संभावित स्रोतों की जांच के लिए आईटीआईए के खिलाड़ी सहायता कार्यक्रम का सहारा लिया। हालांकि अमेरिका के साल्ट लेक सिटी स्थित विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) से मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में जांच किए गए उत्पादों में ट्राइमेटाजिडीन नहीं पाया गया।'

सोमानी के दावे को किया खारिज

फरवरी 2026 में खिलाड़ी ने दावा किया कि उन्होंने परिवार के एक सदस्य द्वारा तैयार किया गया भोजन खाया था और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया के दौरान वह उस सदस्य की दवा से दूषित हो गया था। आईटीआईए ने कहा,'19 अगस्त 2026 को स्वतंत्र न्यायाधिकरण के समक्ष हुई सुनवाई में सोमानी ने इसी को अपने बचाव का आधार बनाया। सोमानी और आईटीआईए की ओर से पेश विशेषज्ञ वैज्ञानिक राय पर विचार करने के बाद स्वतंत्र न्यायाधिकरण ने निष्कर्ष निकाला कि भोजन के दूषित होने से संबंधित सिद्धांत ’वैज्ञानिक रूप से असंभव’, ’बेहद अटकलबाजी पर आधारित’ और ’अविश्वसनीय’ थे।'

सोर्स नहीं बता पाए सोमानी

उन्होंने कहा,'न्यायाधिकरण ने निर्धारित किया कि सोमानी अपने नमूने में पाए गए प्रतिबंधित पदार्थ के स्रोत को स्थापित नहीं कर सके। टेनिस के डोपिंग रोधी नियमों के अनुरूप न्यायाधिकरण ने सोमानी पर चार साल का प्रतिबंध लगाया।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article