Hyundai Bayon World Debut: Hyundai भारत में अपनी नई मिड-साइज SUV Bayon को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने न्यू जेनरेशन Hyundai Bayon को 12 अक्टूबर को पेरिस मोटर शो 2026 में दुनिया के सामने पेश करने की घोषणा की है। खास बात यह है कि नई Bayon सिर्फ यूरोप तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे भारत और लैटिन अमेरिका जैसे बाजारों में भी लॉन्च किया जाएगा। भारत में Hyundai ने इस SUV के लिए 11,000 रुपये के टोकन अमाउंट पर प्री-बुकिंग भी शुरू कर दी है।
भारत में कब होगी लॉन्च?
भारत में नई Hyundai Bayon को अक्टूबर में ही लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत करीब 9 लाख रुपये से 14 लाख रुपये के बीच हो सकती है। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Maruti Suzuki Victoris, Skoda Kushaq और Volkswagen Taigun जैसी SUVs से होगा। नई Bayon की लंबाई करीब 4.2 मीटर होगी। वहीं, अगली जनरेशन Creta की लंबाई करीब 4.5 मीटर होने की उम्मीद है। ऐसे में Bayon को Venue और Creta के बीच रखा जा सकता है।
SUV का डिजाइन होगा बिल्कुल नया
नई Hyundai Bayon का डिजाइन मौजूदा मॉडल से काफी अलग होगा। जहां पुरानी Bayon का डिजाइन i20 से मिलता-जुलता था, वहीं नई SUV को ज्यादा बॉक्सी और अपराइट लुक दिया गया है। इसका डिजाइन Hyundai Tucson से प्रेरित नजर आएगा। इसमें स्प्लिट हेडलैंप सेटअप के साथ ऊपर H-शेप वाले LED DRLs मिलेंगे। मुख्य हेडलैंप बंपर के निचले हिस्से में होंगे।
SUV में स्कल्प्टेड बोनट, रैप-अराउंड डोर क्लैडिंग, ब्रिज-टाइप रूफ रेल्स, फ्लेयर्ड व्हील आर्च और स्लिम LED टेललाइट्स मिलेंगी। इसके अलावा C-पिलर पर खास विंडो डिजाइन और रियर में बड़ा रूफ स्पॉयलर भी दिया जाएगा।
फीचर्स से लैस होगा केबिन
नई Bayon के इंटीरियर में नई जनरेशन i20 से मिलती-जुलती डिजाइन देखने को मिल सकती है। इसमें 12.3-इंच के दो कनेक्टेड स्क्रीन मिलेंगे, जिनमें इंफोटेनमेंट सिस्टम और डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले शामिल होंगे। इसमें फिजिकल HVAC कंट्रोल, नया चार-डॉट मोटिफ वाला स्टीयरिंग व्हील और वर्टिकल AC वेंट दिए जाएंगे।
SUV में पैनोरमिक सनरूफ, पावर्ड और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, AI वॉयस असिस्टेंट, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और रियर AC वेंट जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। सेफ्टी के लिए 6 एयरबैग, ABS के साथ EBD, ESP और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड होने की उम्मीद है।
इंजन और CNG का भी विकल्प
नई Hyundai Bayon में 1.5-लीटर, 4-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलने की संभावना है। यह इंजन 114bhp की पावर और 144Nm का टॉर्क जनरेट कर सकता है। ट्रांसमिशन के लिए 6-स्पीड मैनुअल और CVT ऑटोमैटिक का विकल्प मिल सकता है। खास बात यह है कि SUV में फैक्ट्री-फिटेड CNG विकल्प भी मिलने की संभावना है। अगर ऐसा होता है, तो 4 मीटर से लंबी Hyundai SUV में CNG देने वाला यह कंपनी का पहला मॉडल होगा।
