Hyundai Price Hike: ह्यून्दे इंडिया ने अपनी पॉपुलर सबकॉम्पैक्ट एसयूवी वेन्यू और भारत की सबसे सुरक्षित एसयूवी में एक टूसॉन के साथ-साथ वर्ना की कीमत बढ़ा दी है। कंपनी ने इन तीनों कारों की कीमत में 48,000 रुपये तक इजाफा कर दिया है। नई जनरेशन ह्यून्दे वर्ना को जहां इसी साल की शुरुआत में लॉन्च किया गया था, वहीं नई टूसॉन और वेन्यू 2022 में पेश की गई थीं। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार सबसे ज्यादा कीमत टूसॉन एसयूवी की बढ़ी है। एसयूवी के पेट्रोल वेरिएंट जहां 42,000 रुपये तक महंगे हुए हैं, वहीं टूसॉन डीजल के दाम 47,900 रुपये बढ़े हैं।
अब कितनी हुई शुरुआती कीमत
ह्यून्दे टूसॉन की अब शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 29.01 लाख रुपये है गई है जो इसके एनयू 2.0 पेट्रोल 6-स्पीड ऑटोमैटिक वेरिएंट की कीमत है। टॉप मॉडल के लिए टूसॉन की कीमत 35.94 लाख रुपये तक जाती है। ह्यून्दे वर्ना के एंट्री लेवल ईएक्स वेरिएंट की कीमत 6,000 रुपये से ज्यादा बढ़ी है जिससे शुरुआती कीमत 10.96 लाख तक पहुंच गई है। इस सेडान के टॉप मॉडल एसएक्स ऑप्शनल डीसीटी टर्बो पेट्रोल की एक्सशोरूम कीमत 17.37 लाख रुपये है, इसकी कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
पॉपुलर वेन्यू भी हुई महंगी
ह्यून्दे इंडिया ने ग्राहकों के बीच काफी पॉपुलर हो चुकी वेन्यू की कीमत में भी इजाफा कर दिया है। कंपनी ने इस सबकॉम्पैक्ट एसयूवी की कीमत में 5,000 रुपये से ज्यादा बढ़ोतरी की है। भारत में ह्यून्दे वेन्यू का मुकाबला मारुति सुजुकी ब्रेजा और टाटा नैक्सॉन जैसे कई अन्य धाकड़ खिलाड़ियों के साथ हो रहा है। वेन्यू के 1.2-लीटर कप्पा पेट्रोल इंजन वाले 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से लैस वेरिएंट की एक्सशोरूम कीमत अब 7.77 लाख रुपये तक पहुंच गई है।
