ऑटो न्यूज़

Bajaj Pulsar N250SS भारत में लॉन्च, 6-स्पीड गियरबॉक्स और TFT डिस्प्ले से लैस बाइक

अगर आप एक नई बाइक खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो खुश हो जाइए। बजाज ऑटो ने Bajaj Pulsar N250SS लॉन्च कर दी है, जो कि स्टैंडर्ड Pulsar N250 के मुकाबले ज्यादा फीचर्स के साथ आती है।

Image

Bajaj Pulsar N250SS भारत में हुई लॉन्च

बजाज ऑटो ने भारत में अपनी नई Pulsar N250SS बाइक लॉन्च कर दी है। नई बाइक में कई एडवांस फीचर्स शामिल किए गए हैं, जो इसे स्टैंडर्ड Pulsar N250 से अलग बनाते हैं। इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स, क्विकशिफ्टर, 5-इंच TFT डिस्प्ले और पांच राइडिंग मोड्स दिए गए हैं। खास बात है कि नई बाइक की कीमत स्टैंडर्ड मॉडल से ज्यादा है। आइए जल्दी से इस नई बाइक के इंजन, फीचर्स और डिजाइन डिटेल्स पर एक नजर डाल लेते हैं-

इंजन और परफॉर्मेंस

नई बजाज पल्सर N250SS में 249cc का सिंगल-सिलेंडर, ऑयल-कूल्ड इंजन दिया गया है। हालांकि, अब इसमें चार-वॉल्व हेड का इस्तेमाल किया गया है। यह इंजन लगभग 24.6hp की पावर और 22Nm का टॉर्क जनरेट करता है। वहीं, स्टैंडर्ड N250 का दो-वॉल्व इंजन 24.16hp की पावर और 21.5Nm का टॉर्क देता है। नई बाइक में 5-स्पीड की जगह 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। इसके साथ Sports Shifter फीचर मिलता है, जिसकी मदद से राइडर बिना क्लच दबाए गियर बदल सकता है।

TFT डिस्प्ले और राइडिंग मोड्स

Bajaj Pulsar N250SS में 5-इंच का कलर TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है। इसमें Google Maps मिररिंग, लैप टाइमर और डॉक्यूमेंट स्टोरेज जैसे फीचर्स दिए गए हैं। राइडर हैंडलबार पर लगे कंट्रोल्स से डिस्प्ले के मेन्यू इस्तेमाल कर सकता है। इसके अलावा, बाइक में इलेक्ट्रॉनिक थ्रॉटल कंट्रोल के साथ Sport, Road, Rain, Off-road और Tour जैसे पांच राइडिंग मोड्स मिलते हैं। इसमें एडजस्टेबल ब्रेक और क्लच लीवर, USB Type-C चार्जिंग पोर्ट, हैजर्ड लाइट स्विच और Panic Brake Alert भी दिया गया है।

डिजाइन

डिजाइन की बात करें तो नई बाइक में मस्कुलर फ्यूल टैंक, प्रोजेक्टर हेडलैंप, शार्प DRLs और स्प्लिट सीट बरकरार रखी गई है। इसमें ब्लैक बॉडी के साथ रेड ग्राफिक्स, रेड अलॉय व्हील्स और गोल्डन अपसाइड-डाउन फ्रंट फोर्क्स दिए गए हैं। ब्रेकिंग के लिए दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक और डुअल-चैनल ABS मिलता है। कंपनी ने डिजाइन में बड़े बदलाव करने के बजाय इंजन और इलेक्ट्रॉनिक फीचर्स को अपग्रेड किया है।

बाइक की कितनी है कीमत

Bajaj Pulsar N250SS की दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 1.59 लाख रुपये है। यानी स्टैंडर्ड N250 के मुकाबले लगभग 14,000 रुपये ज्यादा खर्च करने पर ग्राहकों को 6-स्पीड गियरबॉक्स, क्विकशिफ्टर, TFT डिस्प्ले और एडिशनल राइडिंग फीचर्स मिलेंगे।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article