ऑटो न्यूज़

Festive Auto Sales 2026: नवरात्रि में बाइक-स्कूटर की बिक्री ने पकड़ी रफ्तार, कार बाजार रहा सुस्त

Festive Auto Sales 2026: FADA के लेटेस्ट आंकड़ों के अनुसार, नवरात्रि के नौ दिनों में देशभर में करीब 10.32 लाख वाहनों की बिक्री हुई। जिसमें सबसे ज्यादा बिक्री बाइक-स्कूटर की रही।

Image

इस नवरात्रि बाइक और स्कूटर की बिक्री ने पकड़ी रफ्तार (AI Generated Image)

Festive Auto Sales 2026: भारत के ऑटोमोबाइल बाजार में फेस्टिव सीजन के दौरान गाड़ियों की बिक्री के दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं। नवरात्रि 2026 में जहां बाइक और स्कूटर की बिक्री में शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है, वहीं कारों की बिक्री में गिरावट देखने को मिली है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (FADA) के आंकड़ों के मुताबिक, नवरात्रि के नौ दिनों में देशभर में करीब 10.32 लाख वाहनों की बिक्री हुई। यह पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 1.95 प्रतिशत ज्यादा है। हालांकि, इस दौरान दोपहिया और पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट का प्रदर्शन काफी अलग रहा।

दोपहिया वाहनों की बिक्री में जबरदस्त उछाल

नवरात्रि में दोपहिया वाहनों ने ऑटो बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी। इस दौरान करीब 7.60 लाख बाइक और स्कूटर बिके, जो पिछले साल के मुकाबले 5.78 प्रतिशत ज्यादा हैं। कुल वाहन बिक्री में दोपहिया वाहनों की हिस्सेदारी लगभग तीन-चौथाई रही।

कारों की बिक्री में क्यों आई गिरावट?

दोपहिया वाहनों के मुकाबले पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट का प्रदर्शन कमजोर रहा। नवरात्रि के दौरान करीब 1.72 लाख पैसेंजर वाहन बिके। यह पिछले साल की तुलना में 13.66 प्रतिशत कम है। इस गिरावट की एक बड़ी वजह पिछले साल का ऊंचा बिक्री आधार माना जा रहा है। साल 2025 में जीएसटी बदलावों के बाद वाहनों की कीमतों में कटौती हुई थी, जिससे ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की थी। इसके अलावा, डीलरशिप के पास लगभग 45 दिनों का स्टॉक होने से भी दबाव बढ़ा है। हालांकि, FADA के मुताबिक बिक्री में गिरावट को सीधे ग्राहकों की कमजोर मांग से जोड़ना सही नहीं होगा।

सितंबर में कैसी रही थी बिक्री?

सितंबर 2026 में दोनों सेगमेंट ने शानदार प्रदर्शन किया था। इस महीने 17,90,188 दोपहिया वाहन बिके थे, जो सालाना आधार पर 33.08 प्रतिशत ज्यादा थे। वहीं, पैसेंजर व्हीकल की बिक्री 4,27,213 यूनिट रही थी। इसमें 32.10 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई थी।

दिवाली पर रहेगी नजर

अब ऑटोमोबाइल कंपनियों और डीलर्स की नजर दिवाली सहित बाकी फेस्टिव सीजन पर रहेगी। आने वाले दिनों की बिक्री से साफ होगा कि कारों की मांग में सुधार होता है या दोपहिया वाहनों की बढ़त जारी रहती है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article