दुनिया

'हकीकत को स्वीकार करो', ट्रंप के बाद वेंस ने भी नेतन्याहू को सुनाई खरी-खोटी, US-इजरायल संबंधों में दरार की अटकलें तेज

US Israel Relations: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने गुरुवार को इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि नेतन्याहू सरकार को जमीनी हकीकत को समझना होगा।

Image

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस

Photo : AP

US Israel Relations: अमेरिका और इजरायल के संबंधों में अब काले बादल छाने लगे हैं। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने गुरुवार को इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि नेतन्याहू सरकार को जमीनी हकीकत को समझना होगा।

व्हाइट हाउस में आयोजित एक ब्रीफिंग के दौरान वेंस ने कहा कि अमेरिका इजरायल की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है, लेकिन नेतन्याहू सरकार को जमीनी हकीकत को समझना होगा और शांति प्रक्रिया के महत्व को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

US-इजरायल के रिश्तों में आई खटास?

उन्होंने कहा कि इजरायल को ऐसे कदमों से बचना चाहिए जो उसके सबसे बड़े और महत्वपूर्ण सहयोगी अमेरिका के साथ संबंधों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। वेंस की इस टिप्पणी के बाद दोनों देशों के बीच बढ़ती दूरी और नीतिगत मतभेदों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

वेंस की यह टिप्पणी ऐसे समय पर आई जब पश्चिम एशिया में जारी तनाव के स्थायी समाधान के लिए कूटनीतिक प्रयास तेज हो गए, और अमेरिका और ईरान के बीच स्विट्जरलैंड के एक रिसॉर्ज में शुक्रवार को शुरुआती बातचीत होने वाली है।

'ट्रंप इजरायल के सबसे मजबूत समर्थक'

वेंस ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप वैश्विक मंच पर इजरायल के सबसे मजबूत समर्थक बने हुए हैं। उन्होंने कहा, ''ट्रंप इस समय पूरी दुनिया में एकमात्र ऐसे राष्ट्रध्यक्ष हैं, जो इजरायल के प्रति सहानुभूति रखते हैं।'' उन्होंने आगे कहा कि अगर मैं इजरायली मंत्रिमंडल में होता तो शायद मैं दुनिया में बचे अपने एकलौते शक्तिशाली सहयोगी पर हमला नहीं कर रहा होता।

वेंस ने कहा कि पिछले तीन महीनों में इजरायल की सुरक्षा मुहैया करने वाले दो-तिहाई हथियार अमेरिकी निर्मित थे और अमेरिकी टैक्सपेयर्स द्वारा वित्त पोषित किए गए थे। उन्होंने कहा, ''इजरायल के लिए ट्रंप समस्या नहीं हैं और इजरायल में जो भी यह सोचता है कि उनकी सबसे बड़ी समस्या अमेरिकी राष्ट्रपति हैं, उन्हें वास्तविकता समझने की जरूरत है।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article