Donald Trump : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने यहां के मीडिया संस्थानों पर बड़ी कार्रवाई की है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने CNN, MSNOW और पॉलिटिको को व्हाइट हाउस से तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया है। ट्रंप ने इन मीडिया संस्थानों पर अपने बारे में 'फेक न्यूज और झूठ' फैलाने का आरोप लगाया है। ट्रंप ने कहा है कि 'मीडिया संस्थानों को अमेरिकी राष्ट्रपति, ट्रंप प्रशासन या संयुक्त राज्य अमेरिका को कवर करते समय लगातार काल्पनिक बातें और झूठ लिखने या प्रसारित करने में सक्षम नहीं होना चाहिए।'
ट्रंप ने बताया-क्यों उठाया कदम
अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा, 'मुझे यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि तत्काल प्रभाव से मैं फेक न्यूज फैलाने वाले CNN, MSNOW (जिसने हाल ही में कम दर्शक संख्या और विश्वसनीयता की कमी के कारण MSNBC से अपना नाम बदल लिया है!) और Politico को व्हाइट हाउस से प्रतिबंधित कर रहा हूं। पॉलिटिको को ‘जिंदा’ रखने के लिए पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल में अमेरिकी सरकार की ओर से सीधे तौर पर 80 लाख डॉलर की एक अवैध और हास्यास्पद सदस्यता दी गई थी जो अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। यह मुझे भ्रष्टाचार जैसा लगता है!'
अन्य मीडिया संस्थानों पर भी करेंगे कार्रवाई
ट्रंप ने आगे कहा, 'मीडिया संस्थानों को अमेरिकी राष्ट्रपति, ट्रंप प्रशासन या संयुक्त राज्य अमेरिका को कवर करते समय लगातार काल्पनिक बातें और झूठ लिखने या प्रसारित करने में सक्षम नहीं होना चाहिए। अन्य फेक न्यूज मीडिया संस्थानों पर भी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद!'
ट्रंप के कदम की WHCA ने की निंदा
मीडिया संस्थानों पर प्रतिबंध लगाने वाले ट्रंप के इस कदम की द व्हाइट हाउस कॉरेस्पंडेंट एसोसिएशन (WHCA) ने आलोचना की है। WHCA के अध्यक्ष जैकी हेनरिक ने इस कदम को 'प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध' बताया है। एक बयान में हेनरिक ने कहा कि 'राष्ट्रपति ने इस प्रतिबंध की घोषणा ओवल ऑफिस में की। उन्होंने प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध लगाने वाले अपनी योजना के बारे में भी बताया है।'
हेनरिक ने कहा, 'संविधान प्रेस की स्वतंत्रता को सरकारी हस्तक्षेप से सुरक्षा प्रदान करता है। यह सुरक्षा इस बात पर निर्भर नहीं करती कि राष्ट्रपति किसी समाचार संगठन की कवरेज को पसंद करते हैं या नहीं, उसकी रिपोर्टिंग से सहमत हैं या नहीं, या उसके पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों को मंजूरी देते हैं या नहीं।'
