दुनिया

Strait of Hormuz में फिर बढ़ा तनाव, ईरान ने तेल टैंकर को बनाया निशाना; जानें IRGC ने क्यों किया हमला

ईरान ने दावा किया है कि उसके रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे टोगो के झंडे वाले तेल टैंकर ‘Trend’ को निशाना बनाया। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इसी बीच UKMTO ने एक अन्य टैंकर के अज्ञात प्रोजेक्टाइल की चपेट में आने की जानकारी दी है। होर्मुज में बढ़ते तनाव के बीच दक्षिण कोरिया भी अपने जहाजों और तेल आपूर्ति मार्गों की सुरक्षा के लिए नौसैनिक अभियान बढ़ाने पर विचार कर रहा है।

Image

US-Iran Crisis: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरान का बड़ा दावा, तेल टैंकर पर किया हमला। (AI-Generated Image)

US Iran Crisis: पश्चिम एशिया में एक बार फिर हालात बिगड़ने की आशंका है। दरअसल, ईरान ने दावा किया है कि उसने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की कोशिश कर रहे एक तेल टैंकर को निशाना बनाया है। ईरानी सरकारी प्रसारक के मुताबिक, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने टोगो के झंडे वाले तेल टैंकर ‘Trend’ पर गुरुवार रात हमला किया। ईरान ने आरोप लगाया कि टैंकर बिना इजाजत के स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

बिना अनुमति गुजरने वाले जहाजों पर कार्रवाई: ईरान

ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की नौसेना ने कथित तौर पर चेतावनी दी है कि बिना अनुमति स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की कोशिश करने वाले जहाजों को गंभीर कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। अमेरिका और इजरायल के साथ 28 फरवरी से शुरू हुए युद्ध के बाद से तेहरान ने इस महत्वपूर्ण जलमार्ग के बड़े हिस्से पर अपना नियंत्रण होने का दावा किया है।

इस बीच, ब्रिटेन की यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने बताया कि बुधवार को एक अन्य टैंकर स्ट्रेट से बाहर निकलते समय एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल की चपेट में आया। घटना में चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित बताए गए।

होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर बढ़ा दबाव

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के प्रमुख तेल और गैस शिपिंग मार्गों में से एक है। यहां ईरान की ओर से हमले और चेतावनियों के चलते खाड़ी क्षेत्र से होने वाली ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस इलाके में शिपिंग कंपनियां पहले से ही सुरक्षा को लेकर सतर्क हैं।

तेहरान में सड़कों पर उतरे सैकड़ों हजार लोग

इसी बीच ईरान की राजधानी तेहरान में शुक्रवार को सैकड़ों हजार लोगों ने सरकार समर्थित रैली में हिस्सा लिया। यह फरवरी में युद्ध शुरू होने के बाद ईरान में सरकार के समर्थन में हुई सबसे बड़ी रैलियों में से एक थी।

रैली में लोगों ने देश की रक्षा के लिए हथियार उठाने की तैयारी जताई। ईरानी सरकार ने इसे ‘Janfaday-e Iran’ अभियान के तहत आयोजित किया था। सरकारी प्रसारक के अनुसार, 6 लाख से अधिक लोगों ने सैन्य प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण कराया है।

दक्षिण कोरिया भी शिपिंग सुरक्षा बढ़ाएगा

दूसरी ओर दक्षिण कोरिया ने कहा है कि वह खाड़ी क्षेत्र में अपने नौसैनिक अभियान का विस्तार करने पर विचार कर रहा है। राष्ट्रपति ली जे-म्युंग के मुताबिक, इसका उद्देश्य दक्षिण कोरियाई जहाजों और तेल आपूर्ति मार्गों की सुरक्षा करना है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि दक्षिण कोरिया ऐसा कोई कदम नहीं उठाएगा जिससे वह अमेरिका-ईरान युद्ध में सीधे शामिल हो।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article