देश

Chhatron Ki Goonj: इंदौर में आज 'छात्रों की गूंज', राहुल गांधी के विरोध में लगे 'झूठ की गूंज' के पोस्टर

राहुल के इस कार्यक्रम को लेकर राजनीति तेज हो गई है। उनके इस कार्यक्रम के विरोध में शहर में कई स्थानों पर पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टर पर राहुल की तस्वीर के साथ 'झूठ की गूंज' लिखा हुआ है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल करीब दो बजे इंदौर पहुंचेंगे।

Image

इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम।

Rahul Gandhi News: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का शनिवार को इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम होना है। इसके लिए कांग्रेस ने बड़ी तैयारी की है। राहुल शाम करीब 6 बजे भारत जोड़ो मैदान पहुंचेंगे और छात्रों के साथ संवाद करेंगे। वहीं, राहुल के इस कार्यक्रम को लेकर राजनीति तेज हो गई है। उनके इस कार्यक्रम के विरोध में शहर में कई स्थानों पर पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टर पर राहुल की तस्वीर के साथ 'झूठ की गूंज' लिखा हुआ है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल करीब दो बजे इंदौर पहुंचेंगे।

गीता भवन, पलासिया, वर्ल्ड कप, MR9, विजयनगर, भंवरकुआं समेत शहर के कई इलाकों में राहुल के विरोध में पोस्टर लगे हैं। पोस्टरों पर लिखा- 'झूठ की गूंज पर होगी सत्य की विजय'।

भाजपा पर अडंगे लगाने का आरोप

कांग्रेस ने इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से लगातार अड़ंगे डाले जाने का शुक्रवार को आरोप लगाया और कहा कि सत्तारूढ़ दल को इसकी बड़ी कीमत चुकानी होगी। कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने संवाददाताओं से कहा कि विद्यार्थियों और युवाओं के ज्वलंत मुद्दों पर केंद्रित इस कार्यक्रम की अनुमति के मामले में भाजपा ने लगातार व्यवधान उत्पन्न करने की कोशिश की।

सुरक्षा शर्तों पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

इस कार्यक्रम के लिए पुलिस की सुरक्षा शर्तों वाले दस्तावेज में राहुल गांधी के पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 1991 में हुई हत्या के बाद गठित वर्मा आयोग की रिपोर्ट का हवाला दिए जाने पर भी खेड़ा ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, 'यह बहुत निंदनीय बात है कि आप राहुल गांधी को रोकने के लिए उनके पिता की हत्या का जिक्र कर रहे हैं। आप राहुल गांधी के कार्यक्रम को बिना किसी रुकावट के सुरक्षा दीजिए।’

कार्यक्रम की तारीख बढ़ाकर 19 सितंबर कर दी

कांग्रेस ने इससे पहले शहर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में राहुल गांधी का कार्यक्रम 12 सितंबर को आयोजित करने की अनुमति मांगी थी, लेकिन महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा था कि मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के एक पुराने आदेश के तहत यह स्टेडियम सिर्फ खेलकूद या राज्यस्तरीय शासकीय आयोजनों के लिए ही दिया जा सकता है। इसके बाद कांग्रेस ने कार्यक्रम की तारीख बढ़ाकर 19 सितंबर कर दी थी और रीजनल पार्क के सामने स्थित जमीन के लिए आवेदन किया था।

10.08 लाख रुपये जमा कराए थे-खेड़ा

कांग्रेस ने कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने करीब 12,000 वर्ग मीटर में फैले मैदान की 17 से 19 सितंबर तक तीन दिन की अस्थायी ’लीज’ के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) के खाते में 10.08 लाख रुपये जमा कराए थे। बाद में राज्य सरकार के इस निकाय ने यह कहते हुए कांग्रेस से 4.03 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि जमा कराई कि वह तय तारीख से पहले इस जमीन का इस्तेमाल कर रही थी। नंदीग्राम विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर पश्चिम बंगाल में जारी राजनीतिक घटनाक्रम पर खेड़ा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने शिवसेना के साथ पहले जो व्यवहार किया, उसे वह पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी के साथ दोहरा रही है। उन्होंने कहा कि यह घटनाक्रम स्वस्थ लोकतंत्र के लिए बेहद चिंता का विषय है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article