दुनिया

US: महिला टीचर के सीने में मारी गोली, दूसरी शिक्षिका को कहे अपशब्द, Video में सामने आई 6 साल के बच्चे की करतूत

छह वर्षीय बच्चे की पहचान अदालत में केवल JT के रूप में की गई। उसने 6 जनवरी 2023 को 16 छात्रों के सामने शिक्षिका अबिगेल ज्वर्नर को गोली मार दी थी। ज्वर्नर की उम्र 30 के आसपास बताई गई है। वीडियो में बच्चे से कुछ फीट की दूरी पर 9 एमएम हैंडगन पड़ी दिखाई दे रही है।

Image

वर्जीनिया के स्कूल की घटना।

Photo : AP

US News: वर्जीनिया के एक एलिमेंट्री स्कूल में अपनी महिला शिक्षक के सीने में गोली मारने वाले छह साल के बच्चे ने दूसरी महिला टीचर के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया था और क्लासरूम में आए पुलिसकर्मियों को धमकी भी दी थी। यह मामला जनवरी 2023 का है। पुलिस ने अब इस घटना का वीडियो जारी किया है। वीडियो में रिचनेक एलिमेंट्री स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ने वाले छात्र को दूसरी महिला टीचर शांत कराती हुई दिखती है लेकिन छात्र इस महिला टीचर के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करता है। साथ ही वह पुलिसकर्मियों को धमकी भी देता है। इस घटना में क्लास का कोई दूसरा छात्र घायल नहीं हुआ लेकिन महिला टीचर अबिगेल ज्वर्नर गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।

न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक ऑफिसर ब्रायन टॉरेज के बॉडीकैम फुटेज में छह साल का बच्चा पुलिसकर्मियों से मुखातिब होते हुए कहता है, 'तुम सभी मुझसे f****** पीस चाहते हो, b****'।

6 छात्रों के सामने शिक्षिका पर चलाई गोली

छह वर्षीय बच्चे की पहचान अदालत में केवल JT के रूप में की गई। उसने 6 जनवरी 2023 को 16 छात्रों के सामने शिक्षिका अबिगेल ज्वर्नर को गोली मार दी थी। ज्वर्नर की उम्र 30 के आसपास बताई गई है। वीडियो में बच्चे से कुछ फीट की दूरी पर 9 एमएम हैंडगन पड़ी दिखाई दे रही है। गोली चलने के बाद बच्चे को काबू करने वाली शिक्षिका, जिन्हें न्यूयॉर्क पोस्ट ने रीडिंग स्पेशलिस्ट एमी कोवाक के रूप में पहचान बताया है, तुरंत कक्षा में पहुंचीं और बच्चे को अपनी बाहों में कसकर पकड़ लिया। वीडियो में उन्हें बच्चे से 'रुक जाओ' कहते हुए सुना जा सकता है।

अपनी मां से चुराई थी बंदूक

गोलीबारी के बाद स्कूल पहुंची पुलिस ने कोवाक से पूछा, 'यह कितने साल का है?' इस पर उन्होंने जवाब दिया, 'यह 6 साल का है।' उन्होंने आगे बताया, 'वह एक संशोधित शेड्यूल पर स्कूल आ रहा था। उसकी मां उसे दोपहर 2:30 बजे लेने वाली थी। यह उसका पहला सप्ताह था जब उसकी मां उसके साथ स्कूल नहीं आ रही थी।' रिपोर्ट के मुताबिक, गोली चलने की आवाज सुनने के बाद 911 पर आपातकालीन कॉल भी कोवाक ने ही की थी। एक पुलिस अधिकारी को शूटर के लिए 'छोटी हथकड़ियां' मंगाने के लिए कहते हुए सुना जा सकता है। बाद में बच्चे ने पुलिस को बताया कि उसने बंदूक अपनी मां से चुराई थी। उसने पुलिस से यह भी कहा, 'मुझे परवाह नहीं है कि मैं जेल जाऊं।'

यूएस के स्कूलों में अक्सर होती हैं गोलीबारी की घटनाएं

अमेरिका में स्कूलों में गोलीबारी की घटनाएं लंबे समय से गंभीर समस्या बनी हुई हैं। ऐसी त्रासदियों में टेक्सास के उवाल्डे में हुई गोलीबारी भी शामिल है, जिसमें 18 वर्षीय हमलावर ने 19 बच्चों और दो शिक्षकों की हत्या कर दी थी। गन वायलेंस आर्काइव डेटाबेस के अनुसार, वर्ष 2022 में अमेरिका में बंदूक से संबंधित लगभग 44,000 मौतें दर्ज की गई थीं। इनमें लगभग आधी मौतें हत्या, दुर्घटना और आत्मरक्षा से जुड़ी थीं, जबकि लगभग आधी आत्महत्याएं थीं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article