दुनिया

ईरान से तनाव के बीच अमेरिका को मिला F-35 का खरीदार! परमाणु बम ले जाने में है सक्षम; 12 विमानों की डील करेगा ब्रिटेन

F-35 Fighter Jets Deal: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने बुधवार को अमेरिका निर्मित एफ-35 लड़ाकू विमान खरीदने का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि ब्रिटेन परमाणु बम ले जाने में सक्षम 12 अमेरिका निर्मित एफ-35 लड़ाकू विमान खरीदेगा और नाटो के साझा हवाई परमाणु मिशन में शामिल होगा। नाटो महासचिव मार्क रुटे ने स्टार्मर के इस फैसले का स्वागत किया।

Image

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर

Photo : AP

F-35 Fighter Jets Deal: ब्रिटेन परमाणु बम ले जाने में सक्षम 12 अमेरिका निर्मित एफ-35 लड़ाकू विमान खरीदेगा और नाटो के साझा हवाई परमाणु मिशन में शामिल होगा। प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने बुधवार को यह घोषणा की। सरकार ने इसे ‘‘एक पीढ़ी में ब्रिटेन की परमाणु स्थिति की सबसे बड़ी मजबूती’’ करार दिया।

NATO ने स्टार्मर के फैसले का किया स्वागत

स्टार्मर ने नीदरलैंड में नाटो शिखर सम्मेलन में भाग लेने के दौरान यह घोषणा की। नाटो महासचिव मार्क रुटे ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे ‘‘नाटो में ब्रिटेन का एक और मजबूत योगदान’’ बताया। शीतयुद्ध की समाप्ति के बाद 1990 के दशक में ब्रिटेन ने विमानों से गिराए जाने वाले परमाणु हथियारों को चरणबद्ध तरीके से समाप्त कर दिया। अब इसके परमाणु शस्त्रागार में पनडुब्बी-आधारित मिसाइल शामिल हैं।

परमाणु संपन्न NATO सदस्य कौन-कौन हैं?

केवल तीन नाटो सदस्य - अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस परमाणु शक्ति संपन्न हैं, जबकि सात देश गठबंधन के परमाणु मिशन में योगदान के तहत ऐसे जेट विमान उपलब्ध कराते हैं जो या तो पारंपरिक हथियार ले जा सकते हैं या यूरोप में जमा करके रखे गए अमेरिकी बी61 बम ले जा सकते हैं। स्टार्मर ने यह भी घोषणा की कि ब्रिटेन यूक्रेन को 350 हवाई रक्षा मिसाइल प्रदान करेगा, जिसका वित्तपोषण जब्त रूसी परिसंपत्तियों पर ब्याज से जुटाई गई सात करोड़ पाउंड की राशि से किया जाएगा।

सुरक्षा पर 5 फीसद तक खर्च बढ़ाएंगे नाटो सदस्य देश

यह घोषणा ऐसे समय की गई है जब ब्रिटेन और अन्य नाटो सदस्यों ने 2035 तक सुरक्षा पर खर्च को सकल घरेलू उत्पाद का पांच प्रतिशत तक बढ़ाने का संकल्प लिया है। ब्रिटेन वर्तमान में राष्ट्रीय आय का 2.3 प्रतिशत रक्षा मद में खर्च करता है। उसका कहना है कि 2027 तक यह बढ़कर 2.6 प्रतिशत हो जाएगा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article