वायरल न्यूज़

Ajab Gajab: चीन में पेट्स के बालों और राख से बन रहे 'हीरे', सच्चाई जान हर कोई रह गया हैरान

Ajab Gajab: चीन में पालतू जानवरों के बालों और राख से लैब में 'मेमोरियल डायमंड' बनवाने का ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। जहां कई लोग इसे अपने बिछड़े हुए पेट्स की याद संजोने का भावनात्मक जरिया मान रहे हैं।

Image

पेट्स के बालों और राख से बन रहे 'हीरे' (तस्वीर साभार- AI)

Ajab Gajab: सोचिए, जिस प्यारे डॉग या बिल्ली के साथ आपने साल बिताए, उसकी आखिरी निशानी आपकी उंगली में हीरे की तरह चमकती रहे। सुनने में यह किसी फिल्मी कहानी या बेहद भावुक पल जैसा लगता है। लेकिन, चीन में यह एक बड़ा और तेजी से बढ़ता कारोबार बन चुका है। वहां लोग अपने पालतू जानवरों के बालों और राख से लैब में हीरे बनवा रहे हैं और कई मामलों में इसकी कीमत 13 से 15 लाख रुपये तक पहुंच रही है। हालांकि, जैसे-जैसे इस ट्रेंड की चमक बढ़ रही है, वैसे-वैसे इसके पीछे की हकीकत और भरोसे पर सवाल भी उठने लगे हैं। आइए, जानते हैं क्या है पूरा मामला?

इस चर्चा के केंद्र में चीन के जिलिन प्रांत की रहने वाली चेन शिंग की कहानी है। साल 2020 में जब उनका पालतू टॉय पूडल 'बाओबाओ' उम्र के आखिरी पड़ाव की ओर बढ़ रहा था, तो उन्होंने उसके बालों से हीरे की अंगूठी बनवाने का फैसला किया। उन्होंने इसके लिए 8,950 युआन (लगभग 1.2 लाख से 1.25 लाख रुपये) खर्च किए। फरवरी 2021 में उन्हें 18 कैरेट सोने की अंगूठी में जड़ा हीरा मिल गया और अप्रैल में बाओबाओ के जाने के बाद वे इसे रोज पहनने लगीं। उनके मुताबिक, यह अंगूठी पहनकर उन्हें लगता है कि उनका प्यारा साथी आज भी उनके साथ है। सोशल मीडिया पर ऐसे कई लोग हैं जो कहते हैं कि यह उनके लिए सिर्फ एक गहना नहीं, बल्कि साथ जीने और बूढ़े होने का एहसास है।

आखिर बाल और राख से हीरा बनता कैसे है?

विज्ञान के लिहाज से हीरा मूल रूप से कार्बन का ही एक रूप है। कंपनियां दावा करती हैं कि वे पालतू जानवर के बालों या राख से कार्बन निकालकर उसे लैब में हीरे में बदलती हैं। सबसे पहले बालों या राख को साफ करके सुखाया जाता है और बारीक प्रोसेस किया जाता है। इस कार्बन को बेहद अधिक दबाव और तापमान के बीच रखा जाता है, जिससे धीरे-धीरे हीरे का क्रिस्टल तैयार होता है। कुछ कंपनियां तो 100 प्रतिशत पालतू जानवर के कार्बन से हीरा बनाने का दावा भी करती हैं, जबकि कई जगहों पर सामान्य लैब-ग्रोन हीरे की प्रक्रिया से इसे जोड़ा जाता है। चीन में कम से कम 20 से ज्यादा ब्रांड इस तरह की मेमोरियल डायमंड सेवाएं दे रहे हैं। यह ट्रेंड यूं ही नहीं पनपा है। पिछले साल चीन के शहरी इलाकों में कुत्तों और बिल्लियों की संख्या करीब 12.6 करोड़ तक पहुंच गई और पालतू जानवरों का कारोबार 312.6 अरब युआन (लगभग 47 अरब डॉलर) के पार निकल गया। जब पेट्स परिवार का हिस्सा बन जाएं, तो उनकी विदाई और यादों को सहेजने का बाजार भी उतना ही बड़ा हो जाता है। अब यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article