देश

2027 में सपा सरकार बनी तो बहाल होगा यश भारती सम्मान, मुलायम की स्मृति में बनेगा स्मारक, अखिलेश यादव ने किए बड़े एलान

समाजवादी पार्टी संस्थापक और पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर लखनऊ में सपा कार्यालय में सुंदरकांड का भी पाठ किया गया। इस मौके पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि नेताजी हमेशा मुश्किल वक्त में लोगों के साथ खड़े रहते थे। उन्होंने जरूरतमंदों की मदद करने के साथ ही प्रदेश की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का काम किया।

Image

अखिलेश यादव ने किए बड़े एलान।

यूपी में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष तक सभी पार्टियां मतदाताओं को अपने-अपने पाले में लामबंद करने में लगे हैं। इसी बीच, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़े वादे किए हैं। पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर यश भारती सम्मान को फिर से शुरू किया जाएगा। इतना ही नहीं इस सम्मान के साथ मिलने वाले मासिक मानदेय 50 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये किया जाएगा।

रविवार को पार्टी संस्थापक और पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर लखनऊ में सपा कार्यालय में सुंदरकांड का भी पाठ किया गया। इस मौके पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि नेताजी हमेशा मुश्किल वक्त में लोगों के साथ खड़े रहते थे। उन्होंने जरूरतमंदों की मदद करने के साथ ही प्रदेश की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का काम किया।

इस मौके पर अखिलेश यादव ने अपनी सरकार के कार्यकाल की योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्रों को लैपटॉप बांटना और प्रतिभाशाली लोगों को सम्मानित करने के लिए यश भारती पुरस्कार शुरू करना समाजवादी आंदोलन की सोच का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर इन पहलों को फिर से आगे बढ़ाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में विभिन्न संस्थानों के मेधावी छात्रों को लैपटॉप भी वितरित किए। अखिलेश ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि लैपटॉप केवल एक साधन है, असली सफलता मेहनत और दृढ़ संकल्प से मिलती है।

लखनऊ की लॉ यूनिवर्सिटी को बनाएंगे देश की अग्रणी संस्था

साथ ही अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर लखनऊ की लॉ यूनिवर्सिटी को देश के अग्रणी संस्थानों में शामिल करने के लिए जरूरी बजट और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। छात्राओं के लिए बेहतर और सुरक्षित हॉस्टल बनाए जाएंगे। उनका लक्ष्य विश्वविद्यालय में विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करना होगा।

चिकित्सा संस्थानों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सपा सरकार ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, राम मनोहर लोहिया संस्थान और सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में चिकित्सा कर्मियों को संजय गांधी पीजीआई के समान सुविधाएं उपलब्ध कराई थीं। मेडिकल कर्मचारियों के वेतन में अंतर पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर मेडिकल छात्रों के लिए 'वन बॉन्ड, वन सैलरी' व्यवस्था लागू की जाएगी।

मुलायम सिंह यादव की याद में बनेगा स्मारक

अखिलेश यादव ने बताया कि सैफई में मुलायम सिंह यादव के सम्मान में स्मारक का निर्माण कार्य चल रहा है। सपा की सरकार बनने पर इसका उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सरकार के दौरान सैफई और लखनऊ में विकसित किए गए स्कूलों को बाद की सरकारों ने बर्बाद कर दिया।

उन्होंने आईटीआई और आईआईआईटी लखनऊ की स्थापना का भी जिक्र किया। साथ ही मौजूदा सरकार पर जमीन माफिया को बढ़ावा देने और प्रस्तावित वेलनेस सिटी का विकास नहीं करने का आरोप लगाया। छात्रों को बांटे जा रहे टैबलेट पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि ये हरप्पा काल के उपकरण जैसे हैं। आज तकनीक गांवों तक पहुंच चुकी है और शिक्षा को भी आधुनिक तकनीक के अनुरूप बनाना होगा।

पीडीए के साथ लगातार जुड़ रहे लोग

अखिलेश ने कहा कि पीडीए (पिछड़ा,दलित और अल्पसंख्यक) के साथ लगातार लोग जुड़ रहे हैं। पार्टी समाज के अलग-अलग वर्गों को एकजुट कर इस आंदोलन को मजबूत करने का प्रयास करेगी। कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि मैं क्यों बताऊं? अपने सूत्रों से पता कर लीजिए।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article