हमारे देश में लोग चावल खूब खाते हैं। यहां चावल की कई पारंपरिक किस्में ऐसी हैं, जिन्हें उनकी खास पोषण क्षमता के लिए भी जाना जाता है। ऐसी ही एक दुर्लभ किस्म है नवारा या नजवारा चावल। केरल का यह लाल-भूरा चावल सदियों से आयुर्वेदिक परंपरा का हिस्सा रहा है। इसे खाने के साथ-साथ कुछ पारंपरिक उपचारों में भी इस्तेमाल किया जाता है। नवारा को 2007 में जीआई टैग भी मिला था।
लाल रंग ही इसकी सबसे बड़ी पहचान
नवारा चावल देखने में सामान्य सफेद चावल से काफी अलग होता है। इसका रंग लाल या लाल-भूरा होता है। इसकी खास वजह इसकी बाहरी परत यानी ब्रान है। इसे बहुत ज्यादा पॉलिश नहीं किया जाता, इसलिए इसमें मौजूद कई प्राकृतिक यौगिक बने रहते हैं।
डायटीशियन्स के मुताबिक, नवारा के ब्रान में ओरीजानॉल, फेनोलिक एसिड, फ्लेवोनॉयड और प्रोएंथोसाइनिडिन जैसे फाइटोकेमिकल पाए जाते हैं। इनके एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी प्रभावों को लेकर प्रयोगशाला स्तर पर सकारात्मक नतीजे मिले हैं। हालांकि, इनसे इंसानों में निश्चित स्वास्थ्य लाभ साबित हो गए हैं, ऐसा अभी नहीं कहा जा सकता।
सफेद चावल से कितना अलग?
पोषण के स्तर पर नवारा और पॉलिश किए हुए सफेद चावल में अंतर दिखाई देता है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 100 ग्राम कच्चे नवारा चावल में करीब 8.5 ग्राम प्रोटीन और 3.2 ग्राम फाइबर होता है। वहीं इतनी ही मात्रा में पॉलिश किए हुए सफेद चावल में करीब 6.8 ग्राम प्रोटीन और सिर्फ 0.2 ग्राम फाइबर पाया जाता है। हालांकि, ब्राउन राइस की तुलना में नवारा का फाइबर कोई बहुत बड़ा अंतर नहीं दिखाता। इसकी खासियत मुख्य रूप से इसके प्राकृतिक रंगद्रव्यों और कम पॉलिश किए जाने में है।

केरल की परंपरा में शामिल है नवारा राइस (Photo: iStock)
क्या डायबिटीज में ज्यादा फायदेमंद है?
यहीं थोड़ा सावधान होने की जरूरत है। नवारा को अक्सर ब्लड शुगर कंट्रोल के लिए बेहतर चावल बताया जाता है, लेकिन इसके पक्ष में अभी पर्याप्त ह्यूमन ट्रायल नहीं हैं। विशेषज्ञ के मुताबिक, नवारा को सीधे लो-जीआई चावल मान लेना भी सही नहीं है। अलग-अलग अध्ययनों में इसके जीआई को लेकर अलग परिणाम मिले हैं। इसलिए डायबिटीज या प्रीडायबिटीज वाले लोगों के लिए सिर्फ चावल की किस्म बदलना पर्याप्त नहीं है। पूरी प्लेट का संतुलन ज्यादा मायने रखता है। सब्जियां, दाल, दही, अंडे या मछली जैसे प्रोटीन स्रोतों के साथ चावल की मात्रा संतुलित रखना ज्यादा अहम है।
बीमारी के बाद क्यों दिया जाता है नवारा?
केरल में नवारा चावल से बनी कंजी यानी पतली खिचड़ी या दलिया जैसी डिश को बीमारी के बाद हल्के और पौष्टिक भोजन के रूप में देने की परंपरा रही है। आयुर्वेद में भी इस चावल का इस्तेमाल लंबे समय से होता आया है। केरल के आधिकारिक स्रोतों के अनुसार, प्राचीन आयुर्वेदिक ग्रंथों में शष्टिक चावल का उल्लेख मिलता है और नवारा इसी परंपरा से जुड़ा माना जाता है।
नवारा चावल का इस्तेमाल नवारा किझी नाम की पारंपरिक आयुर्वेदिक थेरेपी में भी किया जाता है। इसमें गर्म चावल की पोटलियों से शरीर की मालिश की जाती है। इससे गर्माहट, दबाव और मालिश के कारण मांसपेशियों की जकड़न और असहजता में कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है। हालांकि इसे किसी बीमारी का इलाज या मांसपेशियों और जोड़ों को दोबारा बनाने वाली चिकित्सा मानने के लिए अभी पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण नहीं हैं।
