Central Railway Ticket Checking: दिवाली और छठ पूजा के त्योहारी सीजन में बिना टिकट यात्रा करने वालों पर मध्य रेल ने कार्रवाई की है। मध्य रेल की टिकट जांच टीमों ने पूरे नेटवर्क पर अनधिकृत और बिना टिकट यात्रा के खिलाफ सघन अभियान चलाया। इस दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले 2.27 लाख यात्रियों से जुर्माने के रूप में 24.74 करोड़ रुपये वसूल किए गए। 1 से 15 नवंबर 2026 के दौरान मध्य रेल के विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में नियमित जांच के अलावा कई विशेष जांच अभियान चलाए गए। इस अवधि में पकड़े गए 2.27 लाख दोषियों से 24.74 करोड़ रुपये जुर्माने के तौर पर वसूली गई।
बिना टिकट पकड़े गए लाखों लोग
सबसे ज्यादा वसूली मुंबई मंडल से हुई। मुंबई मंडल ने मुख्यालय की टिकट जांच टीमों के साथ मिलकर 1.06 लाख मामलों में ₹11.04 करोड़ वसूल किए, जो कुल वसूली में लगभग 45 प्रतिशत है। भुसावल मंडल दूसरे नंबर पर रहा। भुसावल मंडल ने 64,332 मामलों में ₹7.98 करोड़ वसूल किए, जो कुल वसूली में 32 प्रतिशत से अधिक है। अन्य मंडलों का योगदान इस प्रकार रहा। पुणे मंडल ने 23,189 मामलों से ₹2.67 करोड़ यानी 11 प्रतिशत, नागपुर मंडल ने 24,253 मामलों से ₹2.25 करोड़ यानी 9 प्रतिशत तथा सोलापुर मंडल ने 9,134 मामलों से ₹79.38 लाख यानी 3 प्रतिशत की वसूली की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- जब लिया था 15 दिन का वीजा तो दो महीने से क्या कर रहे थे तीन बांग्लादेशी?
250+ स्पेशल ट्रेनों में 56 लाख यात्रियों ने की यात्रा
यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए मध्य रेल नियमित ट्रेन सेवाओं के अतिरिक्त सभी त्योहारों और अवकाश पर विशेष ट्रेनें संचालित करता है, जिनमें होली विशेष, ग्रीष्मकालीन विशेष, गणपति विशेष, दशहरा विशेष, दिवाली-छठ विशेष, शीतकालीन विशेष, अनारक्षित विशेष ट्रेनें शामिल हैं। इस वर्ष 1 से 15 नवंबर 2026 की अवधि में मध्य रेल ने दिवाली-छठ पूजा के लिए 250 से अधिक विशेष ट्रेन सेवाओं का संचालन किया, जिनमें 56 लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की।
अपने वैध टिकट धारक यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए मध्य रेल नेटवर्क पर नियमित रूप से सघन टिकट जांच अभियान चलाता है। इसके अंतर्गत स्टेशन जांच, औचक जांच, किलेबंदी जांच, सघन जांच तथा मेगा जांच अभियान संचालित किए जाते हैं। ये अभियान मेल-एक्सप्रेस, पैसेंजर, विशेष ट्रेनों के साथ-साथ मुंबई और पुणे मंडलों की उपनगरीय ट्रेनों में चलाए जाते हैं।
