ऑटो न्यूज़

अब नहीं बिकेगी TVS की यह 110CC की सस्ती बाइक, 12 साल से बाजार में कर रही थी राज

TVS Star City Plus को कंपनी की भारतीय वेबसाइट से हटा दिया गया है यानी कंपनी अब इसे बंद करने जा रही है। 110cc की यह बाइक साल 2014 में भारत में लॉन्च हुई थी और यह काफी लोकप्रिय भी थी।

Image

TVS Star City Plus का इंजन और फीचर्स/Photo- TVS Motor

देश की दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी TVS Motor ने अपनी लोकप्रिय कम्यूटर बाइक TVS Star City Plus को भारतीय वेबसाइट से हटा दिया है। इससे माना जा रहा है कि कंपनी ने इस 110cc बाइक को बंद कर दिया है, हालांकि TVS ने अभी तक इसे बंद करने को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। कंपनी की वेबसाइट से बाइक का हटना इसके बंद होने का संकेत माना जा रहा है।

TVS Star City Plus भारतीय बाजार में करीब 12 साल से बिक्री के लिए उपलब्ध थी। कम कीमत, बेहतर माइलेज और रोजाना इस्तेमाल के लिहाज से इसे पसंद किया जाता था। लेकिन पिछले कुछ समय से इसकी बिक्री कमजोर चल रही थी। माना जा रहा है कि कम मांग इसकी विदाई की बड़ी वजह हो सकती है।

TVS की वेबसाइट से गायब हुई Star City Plus

TVS Motor की आधिकारिक वेबसाइट पर अब Star City Plus दिखाई नहीं दे रही है। कंपनी के कम्यूटर बाइक पोर्टफोलियो में अब Radeon और Sport जैसे मॉडल मौजूद हैं। इनके अलावा वेबसाइट पर अपडेट से पहले वाला Radeon मॉडल भी लिस्टेड है। Star City Plus को वेबसाइट से हटाए जाने के बाद इसके प्रोडक्शन और बिक्री को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, कंपनी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि डीलरशिप पर मौजूद स्टॉक की बिक्री जारी रहेगी या नहीं।

बिक्री में भारी गिरावट बनी वजह?

TVS Star City Plus को मार्च 2021 में आखिरी बड़ा अपडेट मिला था। उस समय कंपनी ने इसमें रोटो पेटल फ्रंट डिस्क ब्रेक का विकल्प पेश किया था। इसके बाद उत्सर्जन नियमों के अनुसार इंजन में बदलाव किए गए, लेकिन बाइक के डिजाइन और फीचर्स में कोई बड़ा अपडेट नहीं हुआ।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2026 के शुरुआती चार महीनों में इस बाइक की केवल 49 यूनिट बिकी थीं। वहीं, मई से सितंबर 2026 के बीच इसकी एक भी यूनिट की बिक्री दर्ज नहीं की गई। लगातार कमजोर मांग के कारण कंपनी ने इस मॉडल को आगे अपडेट करने में दिलचस्पी नहीं दिखाई होगी।

TVS Star City Plus का इंजन और फीचर्स

TVS Star City Plus में 109.7cc का सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड इंजन दिया गया था। यह इंजन 7,350rpm पर 8.2hp की पावर और 4,500rpm पर 8.7Nm का टॉर्क जनरेट करता था। इसके साथ 4-स्पीड गियरबॉक्स मिलता था। फीचर्स की बात करें तो बाइक में LED हेडलैंप, सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल और USB चार्जिंग पोर्ट दिया गया था।

इसके अलावा इसमें इलेक्ट्रिक सेल्फ स्टार्ट और 5-स्टेप एडजस्टेबल रियर सस्पेंशन भी मिलता था। बाइक में 17-इंच के अलॉय व्हील्स के साथ ट्यूबलेस टायर दिए गए थे। यह ड्रम और डिस्क ब्रेक दोनों विकल्पों में उपलब्ध थी। इसके फ्यूल टैंक पर Star ग्राफिक्स भी मिलते थे, जो इसे अलग पहचान देते थे।

2014 में हुई थी लॉन्च, अब सिर्फ दो विकल्प

TVS Star City Plus को पहली बार साल 2014 में भारतीय बाजार में लॉन्च किया गया था। करीब 12 साल तक यह कंपनी की किफायती कम्यूटर बाइक के तौर पर मौजूद रही। अब इसके वेबसाइट से हटने के बाद TVS के एंट्री-लेवल कम्यूटर सेगमेंट में मुख्य रूप से Radeon और Sport ही बची हैं। अगर कंपनी आधिकारिक तौर पर इसे बंद करने की पुष्टि करती है, तो Star City Plus का भारतीय बाजार में सफर खत्म हो जाएगा।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article