दुनिया

ट्रंप ने की भारत और पीएम मोदी की जमकर तारीफ, फिर पीछे खड़े शहबाज शरीफ से पूछा लिया ये सवाल

प्रधानमंत्री मोदी को मिस्र के शर्म अल-शेख में गाजा शांति शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया गया था, लेकिन उन्होंने इस कार्यक्रम में भाग नहीं लिया और इसके बजाय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह को भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए वहां भेजा।

Image

ट्रंप ने की भारत और पीएम मोदी की तारीफ (ANI)

Trump's Praise For India And PM Modi: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। इस बार ट्रंप ने मिस्र में गाजा शांति शिखर सम्मेलन में अपने संबोधन के दौरान भारत और पीएम मोदी का गुणगान किया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मौजूदगी में ट्रंप ने विश्वास जताया कि भारत और पाकिस्तान बहुत अच्छे तरीके से साथ रह सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा, भारत एक महान देश है जहां शीर्ष पर मेरे एक बहुत अच्छा दोस्त हैं और उन्होंने शानदार काम किया है।

शहबाज शरीफ से पूछा सवाल

ट्रंप ने आगे कहा, मुझे लगता है कि पाकिस्तान और भारत बहुत अच्छे से साथ रहेंगे..., इसके बाद उन्होंने अपने ठीक पीछे खड़े शहबाज शरीफ की तरफ मुड़े और सवाल पूछा- "ठीक है?" इसके बाद शरीफ मुस्कुराए और सिर हिलाकर सहमति जताई। साफ दिख रहा था कि उनके चेहरे का रंग उड़ा हुआ था।

भारत-पाकिस्तान संबंधों में सुधार के ट्रंप के आह्वान से पहले शहबाज शरीफ ने मिस्र में अमेरिकी राष्ट्रपति को दोनों देशों के बीच युद्ध रोकने का श्रेय दिया था। ट्रंप ने बार-बार दावा किया है कि मई में सैन्य संघर्ष के दौरान उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम कराया था, लेकिन नई दिल्ली ने बार-बार इस दावे का खंडन किया है और स्पष्ट किया है कि इसे द्विपक्षीय सहमति से अंजाम दिया गया था।

ट्रंप ने किया टैरिफ की धमकी देकर युद्ध रुकवाने का दावा

हाल ही में ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम कराने के लिए उन पर 200% टैरिफ लगाने की धमकी दी थी। उन्होंने रविवार को एक उड़ान के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए कहा, मैंने भारत और पाकिस्तान से कहा, अगर तुम लोग युद्ध लड़ना चाहते हो और तुम्हारे पास परमाणु हथियार हैं, तो मैं तुम दोनों पर 100%, 150% और 200% जैसे बड़े टैरिफ लगाऊंगा। नहीं, नहीं, नहीं, ऐसा मत करो। मैंने कहा, मैं टैरिफ लगा रहा हूं। मैंने 24 घंटे में यह मामला सुलझा लिया।

शहबाज शरीफ ने जमकर बांधे ट्रंप की तारीफों के पुल

इस बीच, शहबाज शरीफ ने न सिर्फ डोनाल्ड ट्रंप को युद्ध रोकने का श्रेय दिया, बल्कि उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान उनके लिए नोबेल शांति पुरस्कार की मांग कर रहा है। ट्रंप के उत्कृष्ट, असाधारण योगदान के लिए...भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रोकने और फिर अपनी अद्भुत टीम के साथ युद्धविराम कराने के लिए।

ट्रंप के लिए नोबेल शांति पुरस्कार के लिए शरीफ की नई कोशिश ऐसे समय में सामने आई है जब कुछ महीने पहले पाकिस्तान ने हाल ही में भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान उनके कूटनीतिक हस्तक्षेप और निर्णायक नेतृत्व का हवाला देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति को इस बड़े सम्मान के लिए नामित किया था। हालांकि, 2026 का शांति पुरस्कार वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो को दिया गया।

पीएम मोदी नहीं गए शर्म अल शेख

हालांकि प्रधानमंत्री मोदी को मिस्र के शर्म अल-शेख में गाजा शांति शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया गया था, लेकिन उन्होंने इस कार्यक्रम में भाग नहीं लिया और इसके बजाय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह को भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए वहां भेजा।

बाद में प्रधानमंत्री मोदी ने हमास द्वारा सभी इजराइली बंधकों की रिहाई का स्वागत करते हुए कहा, उनकी आजादी उनके परिवारों के साहस, राष्ट्रपति ट्रंप के अटूट शांति प्रयासों और प्रधानमंत्री नेतन्याहू के दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने क्षेत्र में शांति लाने के लिए ट्रंप के ईमानदार प्रयासों को भी श्रेय दिया।

हाल के महीनों में यह पहली बार नहीं है जब डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा की हो। भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ तनाव के बीच भी, ट्रंप ने बार-बार प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा की है। अगस्त में भारत के लिए टैरिफ की समय सीमा समाप्त होने के कुछ दिनों बाद, जिसमें आयात शुल्क बढ़ाकर 50% कर दिया गया था। तब डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह मोदी के हमेशा दोस्त रहेंगे, और बाद में प्रधानमंत्री ने भी यही बात कही थी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article