दुनिया

रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में आग का तांडव, 40 से अधिक फायर ब्रिगेड की टीमें मौजूद; एक की मौत

रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में बुधवार शाम डाइबेंको स्ट्रीट स्थित प्रावोबेरेझनी मार्केट में भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग करीब 1,500 वर्गमीटर क्षेत्र में फैल गई और कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में एक व्यक्ति की मौत की खबर सामने आई है।

Image

भीषण आग पर काबू पाने की कोशिश करते दमकलकर्मी

Photo : Times Now Digital

St. Petersburg Fire: रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में बुधवार शाम डाइबेंको स्ट्रीट स्थित प्रावोबेरेझनी मार्केट में बड़े पैमाने पर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शहर के सबसे व्यस्त बाजारों में शामिल इस परिसर में अचानक उठी लपटों ने थोड़ी ही देर में पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।

1,500 वर्गमीटर में फैली आग

अधिकारियों के अनुसार, आग करीब 1,500 वर्गमीटर के क्षेत्र में फैल गई। कई दुकानें और पूरी इमारत आग की जद में आ गई, जिससे अंदर फंसे लोगों को जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूदना पड़ा। रूसी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, आग लगने के दौरान बाजार परिसर से कई धमाकों की आवाज भी सुनी गई, जिससे हालात और भयावह हो गए।

एक शव बरामद

दमकलकर्मियों ने आग पर नियंत्रण के बाद एक व्यक्ति का शव बरामद किया। इसके अलावा दो लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। एक 52 वर्षीय महिला जहरीली गैसों के प्रभाव से बीमार पड़ गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से कूदने पर गंभीर चोटों का शिकार हुआ।

40 से ज्यादा फायर यूनिट्स मौके पर

रूस के आपातकालीन स्थिति मंत्रालय ने बताया कि आग बुझाने के लिए 40 से अधिक फायर ब्रिगेड टीमें भेजी गईं। दमकलकर्मियों ने लंबे प्रयासों के बाद लपटों को नियंत्रण में लिया। आग बुझाने का काम देर रात तक जारी रहा, क्योंकि बाजार की संरचना के गिरने का खतरा बना हुआ था।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article