दुनिया

'डियर प्राइम मिनिस्टर अंबानी', एलन मस्क ने फिर कसा तंज, भारत में स्टारलिंक की एंट्री पर छिड़ी जुबानी जंग

टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने भारत में स्टारलिंक की एंट्री को लेकर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी पर एक बार फिर तंज कसा है। मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अंबानी को 'प्रधानमंत्री अंबानी' कहते हुए चुनौती दी कि वे भारत में सैटेलाइट इंटरनेट बाजार में स्टारलिंक को मुकाबला करने की अनुमति दें।

Image

Elon Musk Starlink India entry

दुनिया के सबसे अमीर उद्योगपति और टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने भारत में अपने सैटेलाइट इंटरनेट प्रोजेक्ट 'स्टारलिंक' की एंट्री को लेकर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी पर तीखा तंज कसा है। एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए मुकेश अंबानी को "प्रधानमंत्री अंबानी" कहकर संबोधित किया और उन पर भारत में एकाधिकार (मोनोपॉली) बनाए रखने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

मस्क ने अपने पोस्ट में लिखा, "डियर प्राइम मिनिस्टर अंबानी, यह न समझ पाने के लिए मेरी विनम्र क्षमा स्वीकार करें कि आप भारत के असली बॉस हैं।" मस्क ने आगे तंज कसते हुए कहा कि स्वाभाविक रूप से वे भारत के महान लोगों के बीच अपनी मोनोपॉली का फायदा उठाना जारी रखना चाहेंगे, लेकिन क्या वे इसके बावजूद स्टारलिंक को देश में प्रतिस्पर्धा करने की अनुमति देने पर विचार करेंगे?

एलन मस्क ने अपने इस बयान के पीछे डिजिटल इंक्लूजन और शिक्षा का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि भारत और दुनिया के कई ऐसे दूर-दराज के इलाके हैं जहां आज भी इंटरनेट की सुविधा नहीं पहुंच पाई है। इससे बच्चों की शिक्षा बाधित होती है और छोटे व्यवसायों को अपने उत्पादों को वैश्विक बाजार में बेचने का मौका नहीं मिलता। मस्क का दावा है कि स्टारलिंक जैसी सेवा इन तमाम लोगों की जिंदगी को पूरी तरह बदल सकती है।

इसके अलावा, मस्क ने आपदा प्रबंधन और आपातकालीन स्थितियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जब पारंपरिक संचार नेटवर्क पूरी तरह फेल हो जाते हैं, तब स्टारलिंक लोगों की जान बचाने में बेहद मददगार साबित हुआ है। मस्क के मुताबिक, भारत में इस तकनीक के आने से देश भर के अनगिनत पुरुषों, महिलाओं और बच्चों की जिंदगियों को संकट के समय बचाया जा सकेगा।

गौरतलब है कि एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स लो अर्थ ऑर्बिट (LEO) में उपग्रहों के एक बड़े नेटवर्क के जरिए उन दुर्गम इलाकों में भी हाई-स्पीड इंटरनेट प्रदान करती है जहां पारंपरिक ब्रॉडबैंड या फाइबर केबल बिछाना बेहद मुश्किल होता है। भारत के सैटेलाइट कम्यूनिकेशन बाजार में उतरने के लिए स्टारलिंक पिछले काफी समय से सरकार की मंजूरियों का इंतजार कर रहा है, और मस्क का यह बयान इस कारोबारी रस्साकशी को और अधिक दिलचस्प बना रहा है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article