शहर

नोएडा में 25 दिनों तक पूरी तरह बंद रहेगी गंगाजल की सप्लाई, गंगनहर की सफाई के चलते जल संकट की आशंका

Noida News: गंगनहर की सालाना सफाई के कारण 21 अक्टूबर से गाजियाबाद के रास्ते नोएडा आने वाली गंगाजल आपूर्ति 25 दिन बंद रहेगी। प्राधिकरण ने वैकल्पिक इंतजाम शुरू किए हैं।

Image

21 अक्टूबर से ठप रहेगी गंगाजल आपूर्ति

Noida News: गंगनहर की वार्षिक सफाई के कारण आगामी 21 अक्टूबर से नोएडा में गंगाजल की आपूर्ति करीब 25 दिनों तक पूरी तरह बंद रहेगी। गाजियाबाद के रास्ते नोएडा आने वाले गंगाजल के ठप होने से शहर के कई इलाकों में पेयजल की उपलब्धता प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि, इस आसन्न जल संकट से निपटने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने अभी से वैकल्पिक इंतजामों पर काम शुरू कर दिया है।

नलकूप और रेनीवेल बनेंगे राहत का जरिया

गंगाजल की सप्लाई बंद रहने के दौरान शहरवासियों को पेयजल की किल्लत से बचाने के लिए प्राधिकरण के जल विभाग ने कमर कस ली है। जल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, वैकल्पिक व्यवस्था के तहत शहर के नलकूपों और रेनीवेल की मरम्मत और रखरखाव का काम तेजी से किया जा रहा है। अगले 12 दिनों के भीतर सभी खराब नलकूपों को पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाएगा। प्राधिकरण के महाप्रबंधक (GM) आरपी सिंह ने बताया कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में 40 ज्यादा नलकूप तैयार रखे गए हैं। रेनीवेल के जरिए भी 100 मिलियन लीटर प्रतिदिन (MLD) से अधिक पानी उपलब्ध कराने की योजना है, ताकि आपूर्ति को सुचारू बनाए रखा जा सके।

कुछ इलाकों में पानी की कमी की आशंका, टैंकरों से होगी आपूर्ति

भले ही प्राधिकरण अपनी पूरी क्षमता से नलकूपों और रेनीवेल को संचालित करने का दावा कर रहा हो, लेकिन जानकारों का मानना है कि गंगाजल की आपूर्ति बंद होने से पानी के दबाव और गुणवत्ता दोनों पर असर पड़ सकता है। जिन सेक्टरों या ऊंची इमारतों में पानी का संकट गहराएगा, वहां जरूरत के मुताबिक वाटर टैंकरों के जरिए पानी पहुंचाया जाएगा। प्राधिकरण के सामने यह बड़ी चुनौती होगी कि वह सफाई की इस अवधि के दौरान शहर के हर कोने में सुचारू रूप से पानी पहुंचाए और किसी भी इलाके में लंबे समय तक पेयजल संकट न बनने दे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article