दुनिया

US में मिडटर्म चुनाव से पहले ट्रंप ने की रूस से डीजल खरीदने की घोषणा, प्रतिबंधों के बीच जारी हुआ अस्थायी लाइसेंस

US Russia Diesel Deal: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से लाखों टन डीजल आयात करने के लिए समझौते की घोषणा की है। अमेरिकी खजाने ने रूसी डीजल की आपूर्ति के लिए अस्थायी लाइसेंस भी जारी किया है। अमेरिकी मिडटर्म चुनाव से पहले किए गए इस फैसले पर जेलेंस्की ने विरोध जताया है।

Image

पुतिन के साथ ट्रंप की डील (फाइल फोटो | AP)

Photo : AP

US Russia Diesel Deal: अमेरिका में आगामी मध्यावधि चुनावों से ठीक पहले ईंधन की आसमान छूती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा और रणनीतिक कदम उठाया है। अमेरिकी वित्त विभाग के विदेश संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (OFAC) ने राष्ट्रपति ट्रंप के निर्देश पर वैश्विक बाजार में रूसी डीजल की आपूर्ति की अनुमति देने के लिए तुरंत एक अस्थायी सामान्य लाइसेंस जारी कर दिया है। यह कदम रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच मॉस्को पर लगाए गए कठोर आर्थिक और ऊर्जा प्रतिबंधों के रुख में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

"पुतिन का धन्यवाद, अमेरिका आ रहा है भारी मात्रा में डीजल"

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट करते हुए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हुई टेलीफोन पर हुई बातचीत को "अत्यंत सफल" बताया। ट्रंप ने अपने मीडिया को दिए गए बयान में कहा कि मुझे लगता है कि आपने रूस के साथ हुई तेल डील के बारे में सुना होगा। यह एक बहुत बड़ी डील है। इससे हमारे देश में भारी मात्रा में तेल आ रहा है और यह वही डीजल है, जिसकी हमें सबसे ज्यादा जरूरत है। मैं राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं।

रूस से 3,00,000 टन से अधिक डीजल ईंधन की तत्काल आपूर्ति होगी। नवंबर में 5,00,000 टन अतिरिक्त डीजल आएगा, जिसके बाद 10,00,000 टन डीजल आएगा। शॉर्ट टर्म में रूसी रिफाइनरियों की स्थिति के आधार पर 30,00,000 टन अतिरिक्त डीजल की आपूर्ति होगी। ट्रंप ने जोर देकर कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिकी नियंत्रण और रूसी ऊर्जा की इस घोषणा के बाद अमेरिका में किसानों, पशुपालकों और ट्रक चालकों के लिए डीजल की कीमतें रिकॉर्ड तेजी से नीचे आएंगी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में आसमान छूती डीजल की कीमतें

अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) की सितंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर की शुरुआत में अमेरिका में डीजल की कीमतें 200 डॉलर प्रति बैरल के आंकड़े को पार कर गई थीं, जो युद्ध-पूर्व स्तरों से लगभग 94 प्रतिशत अधिक है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और रूस के रिफाइनिंग संकट के कारण वैश्विक बाजार में नेट डीजल और गैसऑयल निर्यात में रोजाना 1.6 मिलियन बैरल की भारी गिरावट आई थी।

यूक्रेन ने बताया "कमजोर फैसला"

ट्रंप की इस घोषणा पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। वाशिंगटन स्थित यूक्रेनी दूतावास द्वारा जारी बयान के अनुसार, जेलेंस्की ने इसे "मजबूत सहयोगियों द्वारा लिया गया एक बेहद कमजोर फैसला" करार दिया। यह सौदा ऐसे समय में हुआ है जब ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और दामाद जारेड कुश्नर मियामी में यूक्रेनी अधिकारियों के साथ युद्ध समाप्त करने के प्रस्ताव पर चर्चा कर रहे थे।

रूस और ईरान का रुख

दूसरी ओर, रूस के उप प्रधानमंत्री अलेक्जेंडर नोवाक ने हाल ही में कहा था कि रूस अपने घरेलू बाजार में खपत से 80 प्रतिशत अधिक डीजल का उत्पादन करता है। स्टोरेज क्षमता की सीमाओं को देखते हुए रूस सरप्लस डीजल का आंशिक निर्यात शुरू करने पर विचार कर सकता है। इसी बीच, अपने बयान के अंत में राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि "ईरान को किसी भी हाल में परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जाएगा।"

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!