देश

'प्रदर्शन की आड़ में दिल्ली में बड़ी साजिश' वाट्सएप चैट शेयर कर BJP प्रवक्ता ने लगाया गंभीर आरोप, 'फुल कसाब एनर्जी' का जिक्र

वाट्सएप चैट का स्क्रीनशॉट शेयर कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने दावा किया है कि प्रदर्शन की आड़ में दिल्ली में एक बड़ी गहरी साजिश रची गई है। लोगों को लाल टीका लगाकर प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कहा गया है।

Image

भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी।

CJP Protest: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। वाट्सएप चैट का स्क्रीनशॉट शेयर कर भंडारी ने दावा किया है कि प्रदर्शन की आड़ में दिल्ली में एक बड़ी गहरी साजिश रची गई है। लोगों को लाल टीका लगाकर प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कहा गया है। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया है कि इस साजिश में विदेशी शक्तियां भी शामिल हैं। उन्होंने सीजेपी को अरविंद केजरीवाल की बी टीम कहा। भंडारी ने कहा कि यह लड़ाई देश की जनता बनाम अराजकता की है। इनके झांसे में लोग नहीं आने वाले। लोग सरकार के साथ खड़े हैं। भंडारी ने कहा कि बीते दिनों बेंगलुरु में आयोजित सीजेपी का प्रदर्शन फ्लॉप हो गया।

पीएम को डर क्यों लग रहा है-दिपके

इससे पहले CJP के अध्यक्ष अभिजीत दिपके ने मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले कहा,'जिंदगी जीने के दो ही तरीके होते हैं....एक जो हो रहा है होने दो, बर्दाश्त करते रहे। या फिर जिम्मेदारी उठाओ उसे बदलने की।' उन्होंने आगे कहा कि देश के पीएम को डर क्यों लग रहा है। क्या जरूरत पड़ी है मेट्रो बंद करने की. जम्मू और कश्मीर से सुरक्षा बल बुलाया गया, क्या देश के साथ जंग लड़ने चाहते हैं? ज्ञानेश कुमार इतने प्रिय क्यों है? विरोध करना हमारा अधिकार है। मुझे अरेस्ट करना है, कर लें। मुझे डर नहीं लगता।

चार किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवा नहीं

राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्थाओं के मद्देनजर नई दिल्ली में चार किलोमीटर के दायर में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी तौर पर निलंबित करने का फैसला किया है। गृह मंत्रालय ने जनपथ-कर्तव्य पथ क्रॉसिंग के आसपास चार किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं बंद करने की मंजूरी दी है। यह प्रतिबंध 9 अक्टूबर की रात 10 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक लागू रहेगा। निर्देशों के अनुसार, इस अवधि में मोबाइल इंटरनेट की सभी तकनीकों पर रोक रहेगी। दिल्ली पुलिस ने दूरसंचार सेवा प्रदाताओं एयरटेल, वोडाफोन-आइडिया, जियो और एमटीएनएल को आदेश लागू करने के निर्देश दिए हैं। यह आदेश दूरसंचार अधिनियम, 2023 और दूरसंचार सेवा निलंबन नियम, 2024 के तहत जारी किया गया है।

छावनी में तब्दील हुई दिल्ली

सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। दिल्ली में लगभग 25,000 पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नई दिल्ली जिले को 20 जोन में बांटा गया है। दिल्ली बॉर्डर पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। हर आने-जाने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही है। दिल्ली में जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस इलाके से कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article