दुनिया

यूक्रेन पर बड़ा रूसी हमला, 25 लोगों की मौत, जेलेंस्की बोले- पुतिन ने खुद को दिया 'बर्थडे गिफ्ट'

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि रूस के बड़े मिसाइल और ड्रोन हमले में 25 लोगों की मौत और 100 लोग घायल हुए। जेलेंस्की ने अतिरिक्त एयर डिफेंस मिसाइलों की मांग की। वहीं, अमेरिका ने युद्ध खत्म करने पर जोर दिया।

Image

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की (Photo: X/@Zelenskyy)

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि रूस ने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई और 100 लोग घायल हुए। जेलेंस्की ने हमले के बाद यूक्रेन के सहयोगी देशों से अतिरिक्त एयर डिफेंस मिसाइलों की मांग की है। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि रातभर हुए हमले में बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के साथ-साथ शाहेद ड्रोन का इस्तेमाल किया गया।

पुतिन के जन्मदिन पर जेलेंस्की की टिप्पणी

जेलेंस्की ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर तंज कसते हुए कहा, "यह उस तरह का 'उपहार' है जो पुतिन ने अपने जन्मदिन पर खुद को दिया है। उनके मुताबिक, यूक्रेनी बलों ने रूस द्वारा दागी गई क्रूज और बैलिस्टिक दोनों तरह की 44 मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया। इसके अलावा, 117 'शाहेद' ड्रोन भी नाकाम किए, हालांकि सभी को रोक पाना संभव नहीं हो सका क्योंकि बैलिस्टिक मिसाइलों से निपटना बेहद कठिन होता है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन को अतिरिक्त एयर डिफेंस मिसाइलों के पैकेज और अपनी रक्षा क्षमता मजबूत करने के लिए दूसरे उपायों की जरूरत है। जेलेंस्की ने सहयोगी देशों से मिसाइलों की जल्द आपूर्ति की उम्मीद जताई।

अमेरिका का फोकस युद्ध खत्म करने पर: रुबियो

इस बीच, अमेरिका ने रूस-यूक्रेन संघर्ष को खत्म करने पर जोर दिया है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि फिलहाल यूक्रेन की NATO सदस्यता एजेंडे में नहीं है। रुबियो ने कहा कि अमेरिका की तत्काल प्राथमिकता सैन्य गठबंधन के विस्तार के बजाय युद्ध को खत्म करना और जानमाल के नुकसान को कम करना है। उन्होंने यह भी कहा कि जमीन पर मौजूदा हालात किसी जल्द समाधान की दिशा में आगे बढ़ते नहीं दिख रहे हैं।

अक्टूबर के अंत तक त्रिपक्षीय बैठक का प्रस्ताव

जेलेंस्की ने बताया कि अमेरिकी वार्ताकारों ने यूक्रेन और रूस के बीच तकनीकी स्तर पर त्रिपक्षीय बैठक का प्रस्ताव रखा है। यह बैठक अक्टूबर के अंत तक आयोजित किए जाने की बात कही गई है। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ऐसी बैठक में शामिल होने के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि बैठक के लिए संयुक्त अरब अमीरात या अमेरिका की ओर से प्रस्तावित किसी अन्य देश को स्थान के तौर पर स्वीकार किया जा सकता है। जेलेंस्की ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अमेरिका यही प्रस्ताव रूस के सामने भी रखेगा। उन्होंने कहा कि यूक्रेन बातचीत के लिए सकारात्मक रुख रखता है।

भारत ने भी समाधान में भूमिका की पेशकश की

रूस-यूक्रेन युद्ध के समाधान के लिए भारत ने भी भूमिका निभाने की पेशकश की है। यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा के अनुसार, कीव चार अंतरराष्ट्रीय प्रस्तावों की समीक्षा कर रहा है, जिनमें तुर्किये, मिस्र और अमेरिका के प्रस्ताव शामिल हैं। उन्होंने भारत के प्रस्ताव को विचाराधीन प्रस्तावों में "सबसे व्यापक" बताया है। वहीं, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के युद्ध खत्म कराने के प्रयासों की सराहना की है। पुतिन ने कहा है कि मोदी के पास शांतिपूर्ण समाधान के लिए "अच्छे विचार" हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article