Pakistan PM Draft Post: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के एक हालिया सोशल मीडिया पोस्ट ने एक बड़ी बहस छेड़ दी है। न सिर्फ उस पोस्ट में क्या था इसके लिए बल्कि असली चर्चा तो इस बात की है कि वो पोस्ट खुद पीएम शरीफ ने किया भी है या अमेरिका ने जैसा लिखकर दिया, वैसा उन्होंने पोस्ट कर दिया। दरअसल, ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच सीजफायर हो गया है और युद्ध रोकने के लिए पाकिस्तान बीच में बातचीत कराने की कोशिश कर रहा था और वह बहुत खुश होगा कि दुनिया में उसका नाम बढ़ेगा, लेकिन अब पीएम शरीफ के पोस्ट ने ऐसी पोल खोली कि, उससे शक होने लगा है कि क्या पाकिस्तान सच में अपनी मर्जी का मालिक है या अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कठपुतली? हो सकता है कि पाकिस्तान की किस्मत भी खराब हो और पोस्ट डालते हुए गलती हो गई हो लेकिन सोशल मीडिया पर लोगों के मीम्स बनने शुरू हो गए हैं कि पाकिस्तान के पीएम ने अमेरिका की तरफ से उन्हें दिए गए मैसेज को कॉपी पेस्ट कर दिया और कॉपी पेस्ट में ही गलती सामने आ गई, जिसे बाद में पाकिस्तान ने तुरंत सुधारा। क्या है मामला? जानते हैं
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले Twitter) पर शहबाज शरीफ के पोस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से अपील की गई थी कि वे ईरान को दी गई समय सीमा को बढ़ा दें और कूटनीति को और समय दें। उन्होंने ईरान से भी अपील की कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोल दे। हालांकि, जो एक सामान्य कूटनीतिक संदेश होना चाहिए था, वह जल्द ही विवादों में घिर गया, यह तब हुआ जब यूजर्स ने पोस्ट की एडिट हिस्ट्री में कुछ अजीब देखा, वह था 'ड्राफ्ट – X पर पाकिस्तान के PM का संदेश।'
एक चूक या कोई संकेत?
किसी आधिकारिक संदेश में 'Draft' शब्द की मौजूदगी कुछ असहज सवाल खड़े करती है। क्या यह पाकिस्तान की संचार टीम की ओर से की गई महज एक लापरवाही भरी चूक थी? या फिर यह किसी गहरी बात की ओर इशारा करता है, एक ऐसा संकेत कि जैसे यह मैसेज शायद पाकिस्तान के नेतृत्व के भीतर से किया ही नहीं गया था? Draft के साथ पाकिस्तानी पीएम का X पर मैसेज वाली लाइन ने इस शक को और भी गहरा कर दिया है। आलोचकों का तर्क है कि यह किसी नेता के अपनी आवाज में बोलने जैसा कम, और उनके लिए पहले से तैयार किए गए किसी 'टेम्प्लेट' जैसा ज्यादा लगता है।
बाहरी प्रभाव पाकिस्तान पर भारी?
इस घटना ने भू-राजनीतिक हलकों में एक लंबे समय से चली आ रही इस धारणा को और मजबूत कर दिया है कि पाकिस्तान के रणनीतिक और कूटनीतिक फैसले अक्सर बाहरी ताकतों से प्रभावित होते हैं या यूं कहें कि उन्हीं के इशारे पर लिए जाते हैं। हालांकि, इस बात का कोई सीधा सबूत नहीं है कि यह खास संदेश पाकिस्तान के बाहर लिखा गया था, लेकिन इसका जो संदेश जा रहा है, वह काफी नुकसान पहुंचाने वाला है। कूटनीति में, धारणा भी उतनी ही शक्तिशाली हो सकती है, जितनी कि असलियत। किसी सार्वजनिक पोस्ट में 'ड्राफ्ट' का लेबल रह जाने से यह धारणा बनती है कि यह कोई बयान खुद से तैयार नहीं किया गया है, बल्कि किसी और ने लिखकर थमाया है।
