कोलेजन हमारे शरीर में सबसे अधिक मात्रा में पाया जाने वाला प्रोटीन है। यह हमारी त्वचा, हड्डियों, मांसपेशियों, जोड़ों, बालों और नाखूनों को मजबूती देने का काम करता है। हम आपको शरीर में दिखने वाले 5 संकेत बताएंगे जो आपके शरीर में कोलेजन की कमी का इशारा देते हैं।
यदि कम उम्र में ही चेहरे पर महीन रेखाएं, झुर्रियां या त्वचा का ढीलापन नजर आने लगे, तो यह कोलेजन की कमी का संकेत हो सकता है। कोलेजन त्वचा को कसाव और लोच प्रदान करता है। इसकी कमी होने पर त्वचा अपनी प्राकृतिक चमक और मजबूती खोने लगती है।
कोलेजन सिर्फ हमारी त्वचा के लिए ही नहीं, बल्कि जोड़ों के लिए भी बेहद जरूरी होता है। इसकी कमी से घुटनों, कंधों या अन्य जोड़ों में दर्द, अकड़न और चलने-फिरने में परेशानी महसूस हो सकती है। लंबे समय तक इस समस्या को नजरअंदाज करना हमारे जोड़ों की सेहत को खराब कर सकता है।
यदि आपके बाल लगातार झड़ रहे हैं, उनकी चमक कम हो गई है या नाखून बार-बार टूट रहे हैं, तो इसके पीछे कोलेजन की कमी भी एक बड़ा कारण हो सकती है। शरीर में अच्छी कोलेजन की मात्रा बालों और नाखूनों को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है।
शरीर में किसी चोट, कट या घाव को भरने की प्रक्रिया में कोलेजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यदि छोटे-छोटे घाव भी सामान्य से अधिक समय में ठीक हो रहे हैं, तो यह शरीर में कोलेजन के कम स्तर का संकेत हो सकता है।
कोलेजन मांसपेशियों की संरचना को भी सहारा देता है। इसकी कमी होने पर शरीर में कमजोरी, जल्दी थकान महसूस होना और मांसपेशियों का धीरे-धीरे कमजोर होना जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। नियमित व्यायाम के बावजूद यदि कमजोरी बनी रहती है, तो इस ओर ध्यान देना जरूरी है।
याद रखें कि कोलेजन की कमी सिर्फ खूबसूरती ही नहीं, बल्कि पूरे शरीर की कार्य प्रणाली को प्रभावित कर सकती है। यदि आपको ऊपर बताए गए संकेत लगातार नजर आ रहे हैं, तो समय रहते अपनी जीवनशैली और खानपान में सुधार करें। सही पोषण, नियमित व्यायाम और स्वस्थ आदतें लंबे समय तक त्वचा और शरीर दोनों को स्वस्थ बनाए रखने में मदद कर सकती हैं।