दुनिया

'1000 मिसाइलें लॉक्ड एंड लोडेड, 1 साल तक...', ट्रंप ने अचानक क्यों दी ईरान को तबाह करने की धमकी?

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका की 1000 मिसाइलें ईरान की ओर "लॉक्ड एंड लोडेड" हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ईरान ने उनकी हत्या की साजिश रची या उसे अंजाम देने की कोशिश की, तो अमेरिकी सेना पूरे एक साल तक ईरान पर लगातार हमले करेगी। वहीं, ओमान की राजधानी मस्कट में ईरान और ओमान के विदेश मंत्रियों के बीच अहम बैठक होने जा रही है, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य और समुद्री सुरक्षा प्रमुख मुद्दे होंगे।

Image

ट्रंप ने ईरान को दी तबाह करने की धमकी। AI IMAGE

US Iran War: अमेरिका-ईरान संघर्ष खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। अयातुल्ला खामेनेई को सुपुर्द ए खाक किए जाने के बाद से ही दोनों देशों के बीच तनाव एक बार फिर गहाराता जा रहा है। इसी बीच ट्रंप ने ईरान को बड़ी धमकी दे दी है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर दावा किया कि अमेरिका की 1000 मिसाइलें "लॉक्ड एंड लोडेड" हैं और सीधे ईरान की ओर निशाना साधे हुए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने उनकी हत्या की साजिश रची या ऐसी कोई कोशिश की, तो अमेरिकी सेना पूरे एक साल तक ईरान के हर हिस्से पर लगातार हमले करने के लिए तैयार है।

अगर ईरान ने की ट्रंप की हत्या तो क्या होगा अंजाम?

ट्रंप ने आगे लिखा, "अगर ईरानी सरकार दुनिया के किसी भी हिस्से में मेरे खिलाफ हत्या की धमकी को अमल में लाने की कोशिश करती है, तो अमेरिका ईरान के सभी इलाकों को पूरी तरह तबाह कर देगा। आदेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं और अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार, इच्छुक और सक्षम है।"

मस्कट में होगी अहम बैठक

हाल ही में इजरायली रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि ईरान, ट्रंप को जान से मारने की साजिश रच रहा है। बता दें कि शनिवार (11 जुलाई) को ओमान की राजधानी मस्कट में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची और ओमान के विदेश मंत्री सैय्यद बद्र अल-बुसैदी के बीच बैठक होने वाली है। इस बैठक का सबसे बड़ा मुद्दा होर्मुज जलडमरूमध्य और समुद्री सुरक्षा रहेगा। अमेरिका को उम्मीद है कि बैठक के बाद ईरान सार्वजनिक बयान जारी कर जहाजों पर हमले रोकने और समुद्री रास्ता खुला रखने का भरोसा देगा।

होर्मुज पर अमेरिका का क्या रूख?

अमेरिकी अधिकारियों ने साफ किया है कि यदि ईरान ने तनाव कम नहीं किया या होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने पर सहमति नहीं जताई, तो अमेरिका अपनी सैन्य और आर्थिक ताकत का इस्तेमाल कर कड़ा जवाब देगा। एक अधिकारी ने कहा, "अगर उनकी स्थिति नहीं बदलती, तो उनके लिए आने वाले दिन अच्छे नहीं होंगे।"

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article