दुनिया

क्रिस्टोफर लक्सन के साथ PM मोदी ने की प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता, 18 समझौतों पर बनी सहमति, 10 पर हस्ताक्षर

पीएम ने कहा कि आज हमारी मित्रता एक नए ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुंची है। यह हमारे संबंधों को नई गति देने और हमारी मित्रता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने वाला क्षण है। उन्होंने कहा कि जब आप भारत आए थे, तभी मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की प्रक्रिया शुरू हुई थी।

Image

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन से मुलाकात करते पीएम मोदी।

Photo : ANI

PM Modi meets Christopher Luxon: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को न्यूजीलैंड के अपने समकक्ष क्रिस्टोफर लक्सन के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। इस मौके पर पीएम ने कहा कि 'मुझे अत्यंत प्रसन्नता है कि 40 वर्षों के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने न्यूजीलैंड की यात्रा की है। आपने अपने आर्थिक केंद्र ऑकलैंड में इस कार्यक्रम का आयोजन करके भारत और न्यूजीलैंड के संबंधों को नई ऊर्जा देने का अवसर प्रदान किया है। इसके लिए मैं आपका हृदय से आभारी हूं।' उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के लोगों के मन में भारत के प्रति जो स्नेह और अपनापन है, उसे देखकर मेरा हृदय भावुक हो जाता है। इसके लिए भी मैं आपका बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं।'

10 समझौतों पर हस्ताक्षर

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के बीच शनिवार को हुई वार्ता के बाद भारत और न्यूजीलैंड ने अपने संबंधों का रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक विस्तार किया तथा साथ ही दोनों देशों ने 2030 तक वस्तुओं एवं सेवाओं के द्विपक्षीय वार्षिक व्यापार को दोगुना कर 35,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया। दोनों नेताओं की बैठक में 18 ठोस परिणाम सामने आए, जिनमें 10 समझौतों पर हस्ताक्षर शामिल हैं। इनमें अगले चार वर्षों में संबंधों को विस्तार देने की रूपरेखा, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सहयोग बढ़ाने का ढांचा तथा भारतीय नौसेना और न्यूजीलैंड रक्षा बल के बीच पारस्परिक लॉजिस्टिक सहयोग समझौता प्रमुख रहे।

हमारी मित्रता एक नए ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुंची

पीएम ने कहा कि आज हमारी मित्रता एक नए ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुंची है। यह हमारे संबंधों को नई गति देने और हमारी मित्रता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने वाला क्षण है। उन्होंने कहा कि जब आप भारत आए थे, तभी मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की प्रक्रिया शुरू हुई थी। जिस तरह पूरे न्यूजीलैंड ने एकजुट होकर इतने कम समय में इस समझौते को सफल बनाया, वह अपने आप में एक अद्भुत उपलब्धि है और शायद विश्व में भी ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है। इस उपलब्धि के लिए मैं आपके नेतृत्व, आपकी सरकार और आपकी पूरी टीम का हृदय से अभिनंदन और धन्यवाद करता हूं।'

लक्सर के भारत दौरे का जिक्र किया

भारतीय पीएम ने कहा कि आप पिछले वर्ष होली के पर्व के दौरान भारत आए थे। आपकी उस यात्रा ने हमारे द्विपक्षीय संबंधों में होली के रंगों की तरह नई रंगत और नई ऊर्जा भर दी थी। आज हम अपने संबंधों को एक रणनीतिक साझेदारी के सूत्र में बांध रहे हैं। यह ऐतिहासिक उपलब्धि हमें आगे और अधिक ऊर्जा, विश्वास तथा संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। लोकतांत्रिक मूल्यों में हमारी अटूट आस्था हमें स्वाभाविक साझेदार बनाती है। सचमुच, हम एक-दूसरे के लिए बने हुए साझेदार हैं।

पीएम ने कहा कि मजबूत होंगे द्विपक्षीय संबंध

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि इसके साथ ही, दो समुद्री देशों के रूप में हमारा घनिष्ठ सहयोग हिंद-प्रशांत क्षेत्र को नई मजबूती प्रदान करता है। हमारे संबंध शांति और साझा समृद्धि के उद्देश्यों को प्राप्त करने में नई ऊर्जा का संचार कर सकते हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि यह यात्रा हमारे द्विपक्षीय संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करेगी तथा वैश्विक शांति, स्थिरता और सुरक्षा में हमारे संयुक्त योगदान को नई दिशा देगी। हम शांति के लिए उत्प्रेरक की भूमिका निभा सकते हैं, शांति का समर्थन कर सकते हैं और शांति के माध्यम से विश्व कल्याण के लिए मिलकर कार्य कर सकते हैं।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article