दुनिया

'जब तक जरूरत, लेबनान में रहेगी हमारी सेना'; अमेरिका-ईरान डील के बीच नेतन्याहू के तेवर से क्या अटकेगा मामला?

अमेरिका-ईरान समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद नेतन्याहू ने पहली बार अपने बयान में कहा कि इजराइल को ’’दक्षिणी लेबनान में एक सुरक्षा जोन बनाए रखना होगा। इसके लिए यह जरूरी है कि जब तक इजराइल की सुरक्षा के लिए जरूरी हो, हम वहाँ से न हटें।

Image

अमेरिका-ईरान डील के बीच नेतन्याहू ने फिर दिखाए सख्त तेवर

अमेरिका और ईरान के बीच लड़ाई खत्म करने के लिए हुए अंतरिम समझौते से होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से खुल जाएगा। इसके साथ ही दोनों दुश्मन देश तेहरान के परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत के लिए फिर से साथ आएंगे। इन सबके बीच इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कुछ ऐसा कह दिया है, जिससे इस समझौते में अडंगा लग सकता है। उन्होंने गुरुवार को अमेरिका की परवाह न करते हुए साफ कर दिया कि इजराइली सेना दक्षिणी लेबनान में बनी रहेगी। अमेरिका-ईरान समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद नेतन्याहू की यह पहली टिप्पणी है। बता दें कि ईरान अमेरिका के बीच समझौते का एक महत्वपूर्ण बिंदु ये भी है कि लेबनान से भी इजरायल अपनी उपस्थिति हटाएगा। एक ओर ईरान अपनी इस मांग पर अड़ा हुआ है वहीं दूसरी ओर नेतन्याहू ने भी इस पर अपना रुख साफ कर दिया है।

नेतन्याहू ने साफ कर दिया अपना रुख

अमेरिका-ईरान समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद नेतन्याहू ने पहली बार अपने बयान में कहा कि इजराइल को ’’दक्षिणी लेबनान में एक सुरक्षा जोन बनाए रखना होगा। इसके लिए यह जरूरी है कि जब तक इजराइल की सुरक्षा के लिए जरूरी हो, हम वहाँ से न हटें। ये कोई पहली बार नहीं है जब नेतन्याहू ने इस तरह की कोई बात कही हो। वह पहले भी दक्षिणी लेबनान से न हटने की बात कह चुके हैं।

अमेरिका ने तरेरी आंखें

बेंजामिन नेतन्याहू के इस बयान के बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने उनकी तीखी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि नेतन्याहू सरकार को जमीनी हकीकत को समझना होगा। व्हाइट हाउस में आयोजित एक ब्रीफिंग के दौरान वेंस ने कहा कि अमेरिका इजरायल की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है, लेकिन नेतन्याहू सरकार को जमीनी हकीकत को समझना होगा और शांति प्रक्रिया के महत्व को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

बता दें कि नेतन्याहू और वेंस की यह टिप्पणी ऐसे समय पर आई जब पश्चिम एशिया में जारी तनाव के स्थायी समाधान के लिए कूटनीतिक प्रयास तेज हो गए हैं। अमेरिका और ईरान के बीच स्विट्जरलैंड के एक रिसॉर्ज में शुक्रवार को शुरुआती बातचीत होने वाली है। वहीं, पश्चिम एशिया में युद्ध खत्म करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते में लेबनान में भी युद्ध खत्म करने का आह्वान किया गया है, जहां इजराइल चरमपंथी गुट हिज्बुल्ला से लड़ रहा है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article