Delhi Crime News: राजधानी दिल्ली के संगम विहार स्थित तिगड़ी इलाके से एक हैरान और डरा देने वाला मामला सामने आया है। यहां शुक्रवार शाम महज सब्जी पकाने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक सिरफिरे पति ने अपनी 31 वर्षीय पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी पति को मुस्तैद पड़ोसियों ने मौके पर ही दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।
शाम 7 बजे सब्जी को लेकर शुरू हुई बहस
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना संगम विहार के तिगड़ी स्थित दंपत्ति के मकान में शुक्रवार शाम करीब सात बजे घटी। आरोपी की पहचान कमलेश के रूप में हुई है, जबकि मृतका की पहचान उसकी 31 वर्षीय पत्नी पूनम के तौर पर की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि शाम को खाना बनाने के दौरान सब्जी को लेकर कमलेश और पूनम के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते यह बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर कमलेश ने अवैध हथियार निकालकर पूनम पर गोली चला दी। गोली लगते ही पूनम की मौके पर ही मौत हो गई।
गोली की आवाज और बच्चों का रोना सुनकर पहुंचे पड़ोसी
घर के भीतर से गोली की तेज आवाज और दंपत्ति के तीन मासूम बच्चों के बिलख-बिलखकर रोने की आवाज सुनकर आसपास के निवासी तुरंत मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने जब घर का दरवाजा खटखटाया, तो आरोपी कमलेश ने काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला। पड़ोसियों के लगातार दबाव बनाने के बाद जब कमलेश ने दरवाजा खोला, तो उसने भागने का प्रयास किया। आरोपी ने पड़ोसियों को गुमराह करने की कोशिश करते हुए दावा किया कि पूनम ने खुद को गोली मार ली है।
पड़ोसियों ने आरोपी को पकड़ा
कमलेश की घबराहट और उसके झूठे बयान पर पड़ोसियों को तुरंत शक हो गया। पड़ोसियों ने बिना देर किए आरोपी कमलेश को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
