दुनिया

नेपाल में आज प्रदर्शनकारियों की बैठक, Gen Z के विरोध प्रदर्शनों के बीच फैली अराजकता, सेना रोक रही लूटपाट

नेपाल में सोमवार को विरोध प्रदर्शन की शुरुआत सरकार से सोशल मीडिया पर प्रतिबंध हटाने और भ्रष्टाचार से निपटने की मांग के साथ हुई। पुलिस ने प्रदर्शन को कुचलने की कोशिश की, जिस कारण 19 युवा प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई।

Image

नेपाल में आज प्रदर्शनकारियों की बैठक (Photo- AP)

Nepal Protesters Meeting Today: भ्रष्टाचार के मुद्दे पर Gen-Z के विद्रोह के बाद नेपाल की सरकार गिर गई है। इस दौरान देश में भारी हिंसा और विनाश देखने को मिला। वहीं, प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल दोनों को इस्तीफा देना पड़ा। देश की सेना ने फिलहाल कमान संभाल ली है और सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिगडेल ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत में शामिल होने की अपील की है।

विरोध खत्म कर बातचीत करें

उन्होंने एक वीडियो संबोधन में कहा, 'मौजूदा कठिन परिस्थितियों को सामान्य बनाना और राष्ट्र के सर्वोच्च हितों की रक्षा करना सभी का साझा कर्तव्य है। इसलिए मैं विरोध कार्यक्रमों को स्थगित करने का अनुरोध करता हूं और सभी पक्षों से बातचीत का रास्ता अपनाने का आग्रह करता हूं।'

नेपाल में सोमवार को विरोध प्रदर्शन की शुरुआत सरकार से सोशल मीडिया पर प्रतिबंध हटाने और भ्रष्टाचार से निपटने की मांग के साथ हुई। पुलिस ने प्रदर्शन को कुचलने की कोशिश की, जिस कारण 19 युवा प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई।

'नेपाली सेना लोगों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध'

राष्ट्रीय एकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, सिगडेल ने इस बात पर जोर दिया कि शांति, सुरक्षा और राष्ट्र की अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नेपाली नागरिक का साझा कर्तव्य है। उन्होंने नेपाली सेना के लंबे समय समर्पण पर गौर करते हुए कहा, 'जैसा कि इतिहास गवाह है, नेपाली सेना देश की स्वतंत्रता, संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता, राष्ट्रीय एकता और अपने लोगों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।'

काठमांडू में जेल से भागने, लूटपाट और आगजनी की खबरों के बाद, सेना ने यह भी घोषणा की है कि वह रात 10 बजे से सड़कों पर उतरेगी।

प्रदर्शनकारी आज बैठक करेंगे

इस बीच, जेनरेशन Z के प्रदर्शनकारी नेता सुदान गुरुन और अन्य, आज अपनी आगे की रणनीति पर चर्चा करने के लिए एक बैठक करेंगे। राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने सभी पक्षों से संयम बरतने और और नुकसान न करने की अपील की।

सेना प्रमुख सिगडेल ने कहा, 'चूंकि लोकतंत्र में नागरिकों द्वारा उठाई गई मांगों का समाधान जेनरेशन Z के प्रतिनिधियों सहित बातचीत और चर्चा के माध्यम से किया जा सकता है, इसलिए मैं सभी पक्षों से संयम बरतने, देश को और नुकसान न पहुंचाने और बातचीत की मेज पर आने की अपील करता हूं।'

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article