दुनिया

Mexico के पुएब्ला में मास शूटिंग, बंदूकधारियों ने बच्चे और 3 महिलाओं समेत 10 लोगों को गोलियों से भूना!

Mexico News: मैक्सिको के पुएब्ला राज्य के तेहुइत्जिंगो में अज्ञात बंदूकधारियों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर एक मासूम बच्चे और 3 महिलाओं समेत 10 लोगों की हत्या कर दी है। संघीय और राज्य पुलिस बलों ने हमलावरों की तलाश में नेशनल गार्ड के साथ बड़ा ऑपरेशन शुरू किया है।

Image

फीफा वर्ल्ड कप की तैयारियों के बीच 10 लोगों की हत्या

Mexico: लैटिन अमेरिकी देश मैक्सिको एक बार फिर हिंसा की आग में झुलस उठा है। मैक्सिको के मध्य-पूर्वी हिस्से में स्थित पुएब्ला (Puebla) राज्य में रविवार तड़के अज्ञात बंदूकधारियों ने एक आवासीय परिसर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इस अचानक हुए हमले में एक मासूम बच्चे सहित कुल 10 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मरने वालों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल

समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, यह दिल दहला देने वाला हमला पुएब्ला राज्य के तेहुइत्जिंगो नगर पालिका क्षेत्र में हुआ। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, देर रात करीब 1:55 बजे अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका गूंज उठा। स्थानीय जन सुरक्षा मंत्रालय (Public Security Ministry) ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि इस कांड में जान गंवाने वालों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल हैं। हमलावर वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। सूचना मिलने के बाद जब स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, तो घर के भीतर चारों तरफ खून से लथपथ लाशें बिखरी पड़ी थीं। एक घायल महिला ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

सरकार ने लिया 'जीरो इम्प्युनिटी' का संकल्प

पुएब्ला राज्य के जन सुरक्षा मंत्रालय ने इस नरसंहार की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि इस मामले में अपराधियों के खिलाफ 'जीरो इम्प्युनिटी' यानी शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी। दोषियों को कानून के शिकंजे से बचने का कोई मौका नहीं मिलेगा। फिलहाल हमले की असली वजह क्या थी, यह पूरी तरह से साफ नहीं हो पाया है। हालांकि, मैक्सिको की खुफिया एजेंसियां और जांच टीमें इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि क्या यह हमला स्थानीय ड्रग कार्टेल की आपसी दुश्मनी का नतीजा है या इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश है।

सेना और नेशनल गार्ड का बड़ा सर्च ऑपरेशन

घटना की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए मैक्सिको की संघीय और राज्य स्तर की सुरक्षा एजेंसियों ने हाथ मिला लिया है। इलाके में अपराधियों को ट्रैक करने और उन्हें दबोचने के लिए नेशनल गार्ड, राज्य पुलिस और स्थानीय खुफिया टीमों का एक संयुक्त ऑपरेशनल डिप्लॉयमेंट शुरू कर दिया गया है। तेहुइत्ज़िंगो और उसके आसपास के इलाकों की नाकेबंदी कर दी गई है। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब मैक्सिको अगले कुछ ही हफ्तों में फीफा वर्ल्ड कप 2026 की सह-मेजबानी करने की तैयारियों में जुटा है और राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने पूरे देश में करीब 1 लाख से अधिक अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती का वादा किया है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article