दुनिया

बांग्लादेश में क्यों हुई हिंदू शिक्षक समेत पूरे परिवार की हत्या? दो संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद सामने आ रही ये वजह

बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्य संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। सेवानिवृत्त शिक्षक गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी, 23 वर्षीय बेटी और 12 वर्षीय बेटे के शव शनिवार रात बंद घर से बरामद हुए। गुरुवार से परिवार के सभी मोबाइल फोन बंद थे। पुलिस, CID, डिटेक्टिव ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है।

Image

बांग्लादेश में हिंदू शिक्षक की परिवारीजनों संग हत्या।

बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक रिटायर्ड हिंदू स्कूल शिक्षक, उनकी पत्नी, बेटी और 12 वर्षीय बेटे की हत्या का मामला सामने आया है। चारों के शव शनिवार रात उनके बंद घर से बरामद किए गए। मामले में पुलिस ने मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में पुलिस का कहना है कि दोनों युवक घर की छत पर याबा नाम की नशीली गोली का सेवन कर रहे थे और मृतक शिक्षक गणपति ने उन्हें रोकने की कोशिश की थी। इसके बाद कथित तौर पर एक-एक कर परिवार के चारों सदस्यों की हत्या कर दी गई।

कौन-कौन मारा गया?

मृतकों की पहचान 65 वर्षीय गणपति चक्रवर्ती, उनकी 50 वर्षीय पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती, बेटी अगामी चक्रवर्ती प्रार्थी और 12 वर्षीय बेटे प्रियाम चक्रवर्ती आयुष के रूप में हुई है। गणपति चक्रवर्ती रंगपुर जिला स्कूल के रिटायर्ड शिक्षक थे। वे पिछले साल दिसंबर में सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी बेटी ने अंग्रेजी में मास्टर डिग्री पूरी की थी और नौकरी की तैयारी कर रही थी, जबकि बेटा पांचवीं कक्षा का छात्र था।

बंद घर से मिले चारों शव

यह घटना रंगपुर के दासपाड़ा इलाके में हुई। परिवार के सदस्य कई दिनों से दिखाई नहीं दिए थे और घर बाहर से बंद था। शनिवार रात घर से दुर्गंध आने के बाद पड़ोसियों को शक हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और घर का ताला खोलकर अंदर तलाशी ली गई। करीब रात 11:30 बजे चारों शव बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, शव घर के अलग-अलग हिस्सों में मिले। गणपति का शव छत पर, पत्नी और बेटी के शव सीढ़ियों के पास और बेटे का शव कमरे में बिस्तर के नीचे मिला। शुरुआती जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। हालांकि मौत की अंतिम वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी।

छत पर याबा लेने पहुंचे थे आरोपी?

रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस कमिश्नर मोहम्मद अब्दुल माबूद ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में घटना की शुरुआती जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मुग्धा दास और सिद्धार्थ दास नाम के दो युवक पड़ोसी इमारत के रास्ते गणपति के घर की छत पर पहुंचे थे। आरोप है कि दोनों वहां याबा का सेवन कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि गणपति ने छत पर आवाज सुनकर वहां जाकर दोनों युवकों से पूछताछ की। कथित तौर पर उन्हें नशीली दवा का सेवन करते हुए देख लिया गया था। पुलिस के अनुसार, अपनी पहचान उजागर होने के डर से दोनों ने गणपति का गला घोंट दिया।

पत्नी और बच्चों को भी बनाया निशाना

पुलिस के मुताबिक, गणपति की पत्नी प्रीतिलता आवाज सुनकर छत की ओर गईं। आरोप है कि आरोपियों ने सीढ़ियों पर ही उनका गला घोंट दिया। इसके बाद उनकी बेटी भी वहां पहुंचीं और कथित तौर पर उनकी भी हत्या कर दी गई। पुलिस का दावा है कि परिवार के 12 वर्षीय बेटे ने आरोपियों को पहचान लिया था। इसके बाद उसे भी कथित तौर पर मार दिया गया। इस तरह कुछ ही समय में परिवार के चारों सदस्यों की हत्या कर दी गई।

लूट की कहानी बनाने की भी कोशिश?

जांच में पुलिस को घर के अंदर सामान बिखरा हुआ मिला। कुछ रिपोर्टों के अनुसार, आरोपियों ने घर में रखे सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान भी ले जाने की कोशिश की, जिससे घटना को लूट की वारदात जैसा दिखाया जा सके। बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्टों में पुलिस के हवाले से कहा गया है कि जांचकर्ता इस पहलू की भी जांच कर रहे हैं। हालांकि, शुरुआती जांच के दौरान पुलिस ने लूट की आशंका भी जताई थी और घर में सामान अस्त-व्यस्त मिलने की बात सामने आई थी। इसलिए हत्या के मकसद को लेकर जांच अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या इस वारदात में कोई और व्यक्ति शामिल था।

दो संदिग्ध हिरासत में

पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया। स्थानीय रिपोर्टों में उनकी उम्र करीब 19 और 23 वर्ष बताई गई है। दोनों माचुआपाड़ा इलाके के रहने वाले और आपस में रिश्तेदार बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में उनसे घटना के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। मामले की जांच में रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस के साथ क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) और अन्य जांच एजेंसियां भी शामिल हैं। अधिकारियों ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या का वास्तविक कारण क्या था और वारदात में कितने लोग शामिल थे।

परिवार से संपर्क टूटने के बाद खुला मामला

परिवार के रिश्तेदारों के मुताबिक, गुरुवार रात के बाद उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा था। शनिवार को जब लगातार फोन बंद मिले और घर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई तो परिजनों ने घर पहुंचकर जांच की। मुख्य गेट बाहर से बंद मिला। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। घर में बिजली कनेक्शन भी कटा हुआ बताया गया है। फिलहाल पुलिस ने हत्या के पीछे याबा सेवन को लेकर हुआ विवाद प्राथमिक कारण बताया है, लेकिन जांच जारी है। पोस्टमार्टम, फोरेंसिक जांच और हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्धों से पूछताछ के बाद ही पूरी घटना की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article