US Fighter Jet Crash: में गूंजती सुपरसोनिक विमानों की आवाज, हवा को चीरते हुए करतब दिखाते जेट्स और नीचे दर्शकों की तालियां... अमेरिका के इडाहो में स्थित माउंटेन होम एयर फोर्स बेस (Mountain Home Air Force Base) पर सब कुछ योजना के मुताबिक चल रहा था। लेकिन तभी स्थानीय समयानुसार दोपहर के करीब 12:50 बजे एक ऐसी घटना घटी जिसने सबको हिलाकर रख दिया। एक हवाई प्रदर्शन के दौरान अमेरिकी नौसेना के दो EA-18G ग्रोलर (Growler) फाइटर जेट हवा में एक-दूसरे के बेहद करीब आए और आपस में टकरा गए। फिर एक-दूसरे में फंसते हुए तेजी से जमीन की तरफ गिरने लगे।
आग का गोला बनने से महज 5 सेकंड पहले 'चमत्कार'
सोशल मीडिया पर आए वीडियो और चश्मदीदों के मुताबिक, यह नजारा बेहद डरावना था। टकराने के बाद दोनों विमान हवा में लॉक हो गए और स्पिन करते हुए गिरने लगे। लेकिन जमीन से टकराने और एक बड़े धमाके के साथ आग का गोला बनने से महज 5 सेकंड पहले एक चमत्कार हुआ। दोनों विमानों में सवार चारों क्रू मेंबर्स ने सूझबूझ दिखाई और समय रहते खुद को विमान से सफलतापूर्वक इजेक्ट कर लिया। आसमान में एक के बाद एक चार पैराशूट खुले और चारों पायलट सुरक्षित रूप से जमीन पर आ गए।
8 साल का इंतजार मिनटों में खाक
माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर हो रहा यह 'गनफाइटर स्काइज एयर शो' (Gunfighter Skies Air Show) बेहद खास था। यह पूरे 8 साल के लंबे इंतजार के बाद आयोजित किया जा रहा था। इस दो दिवसीय शो को सफल बनाने के लिए आयोजक और सुरक्षा टीमें पिछले 2 साल से लगातार तैयारियां कर रही थीं। सैन्य इतिहास और आधुनिक विमानों की ताकत देखने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ी थी। लेकिन इस हादसे के तुरंत बाद पूरे एयर फोर्स बेस को लॉकडाउन कर दिया गया और रविवार के बाकी सभी कार्यक्रमों को तुरंत रद्द कर दिया गया।
नौसेना के पैसिफिक फ्लीट की प्रवक्ता कमांडर अमेलिया उमयम ने बताया कि हादसे का शिकार हुए दोनों विमान वॉशिंगटन के व्हिडबे आइलैंड स्थित 'इलेक्ट्रॉनिक अटैक स्क्वाड्रन 129' के थे। मेडिकल जांच के बाद चारों क्रू मेंबर्स की स्थिति पूरी तरह स्थिर और सुरक्षित बताई गई है। राहत की बात यह भी रही कि विमान मिलिट्री बेस से करीब दो मील बाहर क्रैश हुए, जिससे नीचे मौजूद जनता में से कोई भी घायल नहीं हुआ।
