दुनिया

सीजफायर के बाद भी सुलग रहा लेबनान! 'अली ताहेर' की पहाड़ी पर इजराइल-हिजबुल्लाह फिर आमने-सामने

Israel Hezbollah Conflict: लेबनान में दो महीने पहले हुए सीजफायर के बाद अधिकांश इलाकों में शांति है, लेकिन 'अली ताहेर' नामक एक रणनीतिक पहाड़ी पर इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच भीषण जंग जारी है। अमेरिकी मध्यस्थता और सीजफायर समझौते के बावजूद दोनों पक्ष इस इलाके पर अपना कब्जा नहीं छोड़ना चाहते, जिससे क्षेत्र में एक बार फिर बड़े युद्ध का खतरा मंडराने लगा है।

Image

क्या फिर भड़केगा मिडल ईस्ट में महायुद्ध? (फोटो: एपी वीडियो ग्रैब)

Israel Hezbollah Conflict: मध्य पूर्व में शांति की उम्मीदों को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। इजराइल और ईरान समर्थित चरमपंथी संगठन हिजबुल्लाह के बीच करीब दो महीने पहले सीजफायर की घोषणा हुई थी। इसके बाद लेबनान के ज्यादातर हिस्सों में गोलियों की आवाजें तो थम गईं, लेकिन दक्षिण लेबनान की एक रणनीतिक पहाड़ी पर जंग अब भी जारी है। नबातिह शहर के पास स्थित 'अली ताहेर' नाम की यह पहाड़ी इस समय दोनों पक्षों के बीच भयानक युद्ध का केंद्र बनी हुई है।

पिछले कुछ हफ्तों से इजराइली सेना इस पहाड़ी पर लगातार तोपों से गोले बरसा रही है और हवाई हमले कर रही है। दूसरी ओर, हिजबुल्लाह भी हार मानने को तैयार नहीं है और वह इजराइली ठिकानों को निशाना बनाने के लिए आत्मघाती ड्रोन का इस्तेमाल कर रहा है। इस पूरे विवाद की जड़ में शांति समझौता है। अमेरिका, जो दोनों देशों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है, चाहता था कि हेजबोल्लाह इस पहाड़ी को लेबनानी सेना के हवाले कर दे।

हिजबुल्लाह ने इस समझौते को मानने से किया साफ इनकार

यह अमेरिका के उस बड़े प्लान का हिस्सा है, जिसके तहत हिजबुल्लाह के नेटवर्क को खत्म करना और उसके लड़ाकों को निरस्त्र करना है। जून में हुए एक समझौते के तहत तय हुआ था कि जैसे-जैसे हिजबुल्लाह अपने हथियार डालेगा, इजराइल अपनी सेना पीछे हटा लेगा। हालांकि, हिजबुल्लाह ने इस समझौते को मानने से साफ इनकार कर दिया है। संगठन का कहना है कि वे लितानी नदी के उत्तरी इलाकों में अपने हथियार नहीं डालेंगे, और अली ताहेर पहाड़ी इसी क्षेत्र में आती है।

इजराइली सेना का दावा

हाल ही में इजराइली सेना ने दावा किया है कि उसने अली ताहेर पहाड़ी और उसके नीचे बनी हिजबुल्लाह की खुफिया सुरंगों के नेटवर्क पर 'ऑपरेशनल कंट्रोल' यानी रणनीतिक नियंत्रण हासिल कर लिया है। इजराइल का कहना है कि हिजबुल्लाह इन सुरंगों का इस्तेमाल अपने लड़ाकों को छिपाने और हथियार रखने के लिए करता था।

फिलहाल इस पहाड़ी पर किसका कितना कब्जा है, यह पूरी तरह साफ नहीं है, लेकिन इजराइल के इस दावे के बाद भी हवाई हमले जारी हैं। जानकारों का मानना है कि अगर इस पहाड़ी पर जंग ऐसे ही जारी रही, तो पूरे लेबनान में एक बार फिर पूर्ण युद्ध छिड़ सकता है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article