शहर

मुरैना में त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं, मंदिर से दर्शन कर लौट रहीं तीन महिलाओं को ट्रक ने कुचला; मौके पर मौत

Morena Accident: त्योहार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब मुरैना में मंदिर से लौट रही तीन महिलाओं को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। भीषण टक्कर में तीनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दुकानों में जा घुसा। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है और पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Image

मध्य प्रदेश के मुरैना दर्दनाक सड़क हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Morena Accident: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में कृष्ण जन्मोत्सव की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मंदिर से दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद घर वापस लौट रही तीन महिलाओं को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों महिलाओं की मौके पर ही जान चली गई। दुर्घटना देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर घिरोना हनुमान मंदिर के पास हुई। बताया जा रहा है कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हरफूल के पुरा गांव की तीन महिलाएं कृष्ण जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए मंदिर गई थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे अपने घर लौट रही थीं, तभी दिल्ली की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

दुकानों में जा घुसा ट्रक

टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सड़क किनारे मौजूद कुछ दुकानों में जा घुसा। इस घटना में दुकानों को भी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने तीनों महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी घटनास्थल से हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

पूरे गांव में पसरा मातम

हादसे की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं जांच की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने तीनों महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। त्योहार के मौके पर खुशी के साथ घर से निकलीं महिलाएं जब वापस नहीं लौटीं तो पूरे हरफूल के पुरा गांव में मातम पसर गया।

ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया

सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाली तीनों महिलाएं हरफूल के पुरा गांव की रहने वाली थीं। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। दुर्घटना में क्षतिग्रस्त ट्रक को भी सड़क से हटाने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। इस घटना ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article