AFC U20 Asian Cup Qualifiers: भारतीय अंडर-20 फुटबॉल टीम के पास 20 साल के इंतजार को खत्म करने का सुनहरा मौका है। टीम रविवार को एएफसी अंडर-20 एशियन कप क्वालीफायर में बांग्लादेश के खिलाफ अपना आखिरी और सबसे अहम मैच खेलेगी। यह मैच उज्बेकिस्तान के ताशकंद में दोस्तलिक स्टेडियम में होगा।भारत ने इस टूर्नामेंट में आखिरी बार 2006 में खेला था, जब भारत खुद मेजबान था। अब टीम फिर से उसी बड़े मंच पर जाना चाहती है। भारत की शुरुआत अच्छी रही थी।
पहले मैच में भारत को मिली जीत
पहले मैच में भारत ने सीरिया को 1-0 से हराया था। मैच के आखिरी मिनट में शमी सिंगामयुम ने गोल करके भारत को जीत दिलाई थी। लेकिन दूसरे मैच में मेजबान उज्बेकिस्तान ने भारत को 4-0 से बड़ी हार दी। इस हार के बाद अब भारत के 3 पॉइंट हैं। दूसरी तरफ बांग्लादेश की टीम ग्रुप में सबसे नीचे है। वह अपने दोनों मैच हार चुकी है। उज्बेकिस्तान ने उसे 2-0 से और सीरिया ने 3-0 से हराया है। लेकिन भारत के लिए यह मैच आसान नहीं होगा। इसी साल SAFF चैंपियनशिप के फाइनल में बांग्लादेश ने भारत को पेनल्टी शूटआउट में हरा दिया था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- मेसी के संन्यास पर अर्जेंटीना का इमोशनल ट्रिब्यूट, हर मैच में 10वें मिनट पर बजेगी ताली
क्या है भारत के लिए समीकरण
अब समीकरण क्या है? भारत को यह मैच हर हाल में जीतना है। अगर भारत जीत जाता है तो उसके 6 पॉइंट हो जाएंगे और वह दूसरे नंबर पर रहने की रेस में बना रहेगा। अगर भारत ड्रॉ करता है तो भी वह दूसरे नंबर पर आ सकता है, लेकिन इसके लिए उसे दूसरे मैच के नतीजे पर निर्भर रहना होगा। शाम साढ़े सात बजे सीरिया का मैच उज्बेकिस्तान से है। भारत चाहेगा कि सीरिया वह मैच न जीते।
ग्रुप में दूसरे नंबर पर रहने वाली 8 में से 7 सबसे अच्छी टीमें भी अगले साल चीन में होने वाले एशिया कप के लिए क्वालीफाई कर जाएंगी। कोच महेश गावली ने कहा कि पिछली हार से टीम ने बहुत कुछ सीखा है। टीम ने शुक्रवार को होटल में ही जिम और पूल में रिकवरी की और शनिवार को मैदान पर प्रैक्टिस करेगी।मिडफील्डर डैनी मीतेई ने कहा कि टीम का हौसला ऊंचा है और सभी खिलाड़ी देश के लिए अपना 100 प्रतिशत देने को तैयार हैं।
