दुनिया

बोलीविया में सैन्य बैरक के पास जोरदार धमाका, 10 की मौत और 60 से ज्यादा घायल

बोलीविया के वियाचा शहर में सैन्य परिसर में हुए भीषण विस्फोट में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 62 लोग घायल हुए हैं। विस्फोट पायरोटेक्निक सामग्री वाले इलाके में हुआ। हादसे के बाद सात लोग लापता हैं और विस्फोट की वजह की जांच जारी है।

Image

बोलीविया के सैन्य परिसर में भीषण विस्फोट, 10 लोगों की मौत; 62 घायल।

बोलीविया के वियाचा शहर में शुक्रवार को एक सैन्य परिसर में हुए भीषण विस्फोट में 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 60 से ज्यादा लोग घायल हैं। बता दें कि वियाचा, देश की प्रशासनिक राजधानी ला पाज से करीब 30 किलोमीटर दूर है।

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, विस्फोट दोपहर करीब 2:30 बजे सैन्य बैरक के उस हिस्से में हुआ, जहां पायरोटेक्निक यानी आतिशबाजी से जुड़ी सामग्री रखी गई थी। अधिकारियों का कहना है कि यह सामग्री रक्षा मंत्रालय के स्टॉक का हिस्सा थी।

घायल में एक बच्ची भी शामिल

वियाचा की हेल्थ डायरेक्टर रीटा नेब्रास्का के अनुसार, हादसे में करीब 62 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 14 घायलों को इलाज के लिए ला पाज के अस्पतालों में भेजा गया। घायलों में एक बच्ची भी शामिल है, जिसे गंभीर रूप से जलने की चोटें आई हैं। पुलिस के मुताबिक, विस्फोट की ताकत इतनी ज्यादा थी कि आसपास के कई घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। घटनास्थल पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम, पुलिस और दमकलकर्मियों को तैनात किया गया है।

सात लोग अभी भी लापता

अधिकारियों के अनुसार, हादसे के बाद सात लोग अभी भी लापता हैं। राहत और बचाव दल सैन्य परिसर में तलाशी अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट पायरोटेक्निक सामग्री वाले हिस्से से हुआ, लेकिन वास्तव में आग या विस्फोट की शुरुआत किस वजह से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।

दमकल विभाग ने घटनास्थल पर अभी भी गर्मी के एक स्रोत की मौजूदगी को लेकर चेतावनी दी है और आसपास के लोगों से कम से कम 150 मीटर दूर रहने की अपील की है, क्योंकि दोबारा विस्फोट का खतरा बना हुआ है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article